मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान

0
  • प्रतिभाओं की पहचान से लेकर पदक जीतने तक खिलाड़ियों को मिलेगा सहयोग, पहले चरण में छह शहरों में बनेंगे फीडर सेंटर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन शुरू किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। मिशन के माध्यम से प्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने खेलों के विकास के लिए प्रतिभा पहचान से लेकर पदक प्राप्ति तक खिलाड़ियों को सहयोग देने की योजना तैयार की है। इसके तहत विद्यालयों एवं चयन शिविरों के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान की जाएगी। इसके बाद उन्हें उनकी क्षमता और खेल के अनुरूप प्रशिक्षण केंद्रों, राज्य खेल अकादमियों तथा उच्च प्रदर्शन केंद्रों से जोड़ा जाएगा।

छह शहरों में स्थापित होंगे फीडर सेंटर

मिशन के प्रथम चरण में अंबिकापुर, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, जगदलपुर और जशपुर में फीडर सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से उभरते खिलाड़ियों को प्रारंभिक प्रशिक्षण देकर उनकी खेल प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जाएगा।

खिलाड़ियों को आगे चलकर राज्य स्तरीय खेल अकादमियों में खेल विशेष के अनुसार उन्नत प्रशिक्षण तथा उच्च प्रदर्शन केंद्रों में विशेषज्ञ कोचिंग उपलब्ध कराने की योजना है। इसके साथ ही खेल विज्ञान और प्रदर्शन विश्लेषण जैसी आधुनिक सुविधाओं को भी प्रशिक्षण व्यवस्था से जोड़ा जाएगा।

10 प्रमुख खेल विधाओं पर रहेगा फोकस

मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के अंतर्गत 10 प्रमुख खेल विधाओं में खिलाड़ियों के कोर एवं डेवलपमेंट समूह तैयार किए जाएंगे। पदक जीतने की क्षमता रखने वाले खिलाड़ियों को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार विशेष प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जाएगा। खिलाड़ियों के प्रदर्शन और प्रतियोगिताओं में प्राप्त परिणामों के आधार पर उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा भी की जाएगी, जिससे प्रशिक्षण और सहायता को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

खेल अधोसंरचना और प्रतिभाओं के विकास को मिलेगी गति

मिशन का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि प्रदेश में ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को समान रूप से आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें। आधुनिक खेल सुविधाओं, बेहतर प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन के माध्यम से छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

छत्तीसगढ़ में क्रिकेट, हॉकी, एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कबड्डी सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन से प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here