वैष्णवी शर्मा की फिरकी में उलझा जिम्बाब्वे, तीसरे वनडे में 131 रन पर सिमटी टीम

0

नई दिल्ली : भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर पहले ही सीरीज अपने नाम कर ली थी। अब टीम इंडिया वनडे सीरीज में भी क्लीन स्वीप करने की दहलीज पर है। वडोदरा में खेले जा रहे तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के सामने जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी बिखर गई। पूरी टीम 39.5 ओवर में 131 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से वैष्णवी शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और जिम्बाब्वे की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई। अब भारतीय टीम के सामने जीत के लिए 132 रन का लक्ष्य है।

बाएं हाथ की भारतीय स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने अपने तीसरे वनडे इंटरनेशनल मुकाबले में पहला फाइव विकेट हॉल लिया। उन्होंने इस मुकाबले में 10 ओवर गेंदबाजी की और एक मेडन के साथ 39 रन देते हुए पांच विकेट झटके। इससे पहले दूसरे मुकाबले में उन्होंने चार विकेट लिए थे। इस मुकाबले में वैष्णवी के अलावा सयाली सतघारे और क्रांति गौड़ ने भी 2-2 विकेट लिए।

जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी धराशायी, 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाईं

भारतीय गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और इस मुकाबले में जिम्बाब्वे की सात बैटर दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाईं। ओपनर और विकेटकीपर बैटर मोडेस्टर मुपाचिकवा ने सर्वाधिक 37 रन बनाए। वहीं कप्तान जोसेफिन नकोमो ने भी 35 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा कोई भी खिलाड़ी 30 रन तक नहीं पहुंच पाईं। लोरिन फिरी और ओलिंडर शेयर का खाता भी नहीं खुल सका। भारतीय क्रिकेट टीम ने सीरीज का पहला वनडे मुकाबला 9 विकेट और दूसरा मैच 121 रन से जीतते हुए सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाई थी।

अब भारतीय टीम की नजरें तीसरा मैच जीतकर सीरीज में क्लीन स्वीप करने पर हैं। जिम्बाब्वे की टीम तीनों वनडे मैच में 250 रन तक नहीं पहुंच पाई है। पहले मैच में 197, दूसरे में 207 और तीसरे में अब 131 रन पर टीम ढेर हो गई। वनडे से पहले तीन मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम ने स्मृति मंधाना की कप्तानी में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। स्मृति की बतौर नियमित कप्तान यह पहली वनडे सीरीज भी है। अब तक इस सीरीज में उनका बल्ला खामोश रहा है लेकिन कप्तानी लाजवाब रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here