महिला कुश्ती में भारत की चमक, काजल-नीलम ने जीता सिल्वर मेडल

0

नई दिल्ली : भारतीय महिला पहलवान काजल ढोचक और नीलम सिरोही ने महिला रेसलिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में अपने सफर का समापन सुखद तरीके से किया। हालांकि कजाकिस्तान के अस्ताना में इन दोनों को फाइनल में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन दोनों देश के लिए सिल्वर मेडल जीतने में कामयाब रहीं। महिला कुश्ती विश्व चैंपियनशिप शुरू होने के 35 साल बाद आखिरकार काजल ने हेवीवेट कैटेगरी में देश के लिए मेडल जीता।

काजल ने करियर का पहला खिताब जीतकर रचा इतिहास

76 किलोग्राम भार वर्ग के खिताबी मुकाबले में 18 साल की काजल ढोचक का सामना यूक्रेन की अनास्तासिया अल्पियेवा से हुआ। लगातार दो बार अंडर 20 विश्व चैंपियन बनने के बाद सीनियर विश्व चैंपियनशिप में अपना पहला मुकाबला खेल रहीं काजल गोल्ड मेडल जीतने के बेहद करीब थीं, लेकिन आखिरी 30 सेकंड में लगातार चार अंक गंवाने के कारण उन्हें 6-8 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार से ठीक पहले मुकाबला 4-4 की बराबरी पर था और अंत में काजल को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। काजल ने हेवीवेट कैटेगरी में विश्व चैंपियनशिप पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनकर इतिहास रच दिया।

नीलम गोल्ड मेडल से चूकीं

नीलम की बात करें तो 50 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में 26 साल की इस भारतीय महिला पहलवान को जापान की चार बार की विश्व चैंपियन युई सुसाकी से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। 0-5 से पिछड़ने के बाद वह फॉल के जरिए हार गईं और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा, लेकिन भारतीय कुश्ती के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि रही। ऐसा पहली बार हुआ जब जब विश्व चैंपियनशिप के एक ही संस्करण में दो भारतीय महिलाएँ फाइनल में पहुंचीं और दोनों ने पदक जीते। इन दोनों से पहले अंशु मलिक 2021 में विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं और उन्होंने 57 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता था।

सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में काजल के सिल्वर मेडल ने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में उनकी तेजी से होती तरक्की में एक और अहम अध्याय जोड़ता है। हरियाणा की इस पहलवान ने लगातार दो बार अंडर 20 वर्ल्ड टाइटल जीतकर भारत की सबसे होनहार खिलाड़ियों में से एक के रूप में अपनी पहचान पहले ही बना ली थी। वहीं नीलम का सिल्वर मेडल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कुश्ती के लंबे सफर का नतीजा है। उत्तर प्रदेश के मथुरा की रहने वाली 26 वर्षीय नीलम कुश्ती से जुड़े परिवार से आती हैं। उनके दादा, चाचा और बहन, सभी इस खेल से जुड़े रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here