मोहम्मद शमी के 5 और प्रदीप्त प्रमाणिक के 10 विकेट, बंगाल ने केरल को 287 रन से रौंदा

0

नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2026-27 के तीसरे चरण के मुकाबले में बंगाल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केरल को 287 रन से करारी शिकस्त दी। बंगाल की इस बड़ी जीत में मोहम्मद शमी, प्रदीप्त प्रमाणिक और शाहबाज अहमद की प्रभावशाली गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई। ग्रुप-सी में यह बंगाल की लगातार तीसरी जीत है। इस जीत के साथ बंगाल की टीम 18 अंकों के साथ अपने ग्रुप की अंकतालिका में पहले स्थान पर बनी हुई है।

इस मुकाबले में केरल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था और बंगाल ने पहली पारी में 350 रन बनाए। केरल की टीम ने पहली पारी में 141 रन बनाए और बंगाल को 209 रन की बढ़त हासिल हुई। बंगाल ने फिर दूसरी पारी में 198 रन बनाए और 407 रन की लीड लेकर केरल को 408 का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में केरल दूसरी पारी में 120 रन पर सिमट गई और उसे बड़ी हार मिली।

मोहम्मद शमी ने झटके 5 विकेट, प्रदीप्त प्रमाणिक ने 10 विकेट लेकर मचाया धमाल

इस मैच की दूसरी पारी में शमी को 2 सफलता मिली जबकि पहली पारी में उन्होंने 3 विकेट झटके थे और इस पूरे मुकाबले में उन्हें कुल 5 विकेट मिले। प्रदीप्त ने दूसरी पारी में घातक गेंदबाजी की और उन्होंने 19 ओवर में 51 रन देकर 6 विकेट झटके जबकि पहली पारी में उन्हें 4 विकेट मिले थे। प्रदीप्त ने इस मैच में कुल 10 विकेट हासिल किए और टीम की जीत के हीरो रहे तो वहीं शाहबाज अहमद ने भी दोनों पारियो में 2-2 विकेट हासिल किए और कुल 4 बल्लेबाजों का शिकार किया।

शाहबाज अहमद का रणजी ट्रॉफी में शतक

इस मैच की पहली पारी में बंगाल के लिए शाहबाज अहमद ने 121 रन जबकि अंकुल पॉल ने 66 रन की पारी खेली। केरल की तरफ से पहली पारी में कप्तान विष्णु विनोद ने सर्वाधिक 41 रन की पारी खेली थी। बंगाल के लिए दूसरी पारी में बेस्ट स्कोरर कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन रहे जिन्होंने 47 रन बनाए तो वहीं केरल के लिए दूसरी पारी में सबसे बड़ी पारी एमडी निधीश ने खेली जो 33 रन की रही। केरल के लिए पहली पारी में आदित्य ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए जबकि दूसरी पारी में जलज सक्सेना ने सबसे ज्यादा 5 विकेट झटके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here