नई दिल्ली : भारत के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर 5 मैचों की टी20 सीरीज खेल रही न्यूजीलैंड की टीम को लगातार तीसरी हार के साथ सीरीज भी गंवानी पड़ी। अब कीवी टीम की मुश्किलें और बढ़ गई हैं, क्योंकि उसे एक और अनुभवी तेज गेंदबाज की सेवाएं नहीं मिलेंगी। पहले 2 मुकाबलों के बाद मैट हेनरी चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए थे। अब 257 टी20 विकेट अपने नाम कर चुके लॉकी फर्ग्युसन भी आखिरी 2 मैचों में नहीं खेल पाएंगे। लगातार खिलाड़ियों के बाहर होने से न्यूजीलैंड की गेंदबाजी कमजोर हुई है और टीम के सामने बाकी मुकाबलों में वापसी की चुनौती होगी।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपने बयान में बताया कि लॉकी फर्ग्युसन को दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान दाहिनी पिंडली में दर्द हुआ था। इसके बाद कराए गए स्कैन में उनकी चोट का पता चला। बोर्ड के मुताबिक, फर्ग्युसन को पूरी तरह फिट होने में करीब एक सप्ताह लग सकता है। इससे पहले तेज गेंदबाज मैट हेनरी भी चोट के कारण टी20 सीरीज से बाहर हो चुके हैं। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने हेनरी की चोट को लेकर जानकारी दी थी कि उन्हें रिकवरी में 1 से 2 सप्ताह का समय लग सकता है। इस तरह सीरीज के आखिरी मुकाबलों से पहले न्यूजीलैंड को अपने दो अनुभवी तेज गेंदबाजों की कमी खलेगी।
पूरी सीरीज में बेअसर रही न्यूजीलैंड की गेंदबाजी, चोटों ने बढ़ाई मुश्किलें
न्यूजीलैंड का गेंदबाजी आक्रमण इस पूरी सीरीज में बेहद कमजोर नजर आया है। कप्तान मिचेल सैंटनर को छोड़ किसी ने भी प्रभावित नहीं किया है। वहीं तेज गेंदबाजी का बुरा हाल रहा है। पहले मैच में टीम 225, दूसरे मैच में 180 और तीसरे मैच में 198 रन नहीं डिफेंड कर पाई थी। लॉकी फर्ग्युसन ने भी पहले दो मैच खेले थे लेकिन खासा प्रभावित नहीं कर पाए थे। उन्होंने पहले टी20 में 3 ओवर में 34 रन देकर 1 विकेट लिया था।
फिर दूसरे मैच में उन्होंने 3 ओवर में 37 रन दिए और एक भी विकेट नहीं ले पाए। तीसरा मुकाबला वह चोट के कारण नहीं खेले थे। अब वह भारत के खिलाफ आखिरी दो टी20 मैचों से बाहर हो गए। उनकी जगह मैट फिशर को न्यूजीलैंड टीम में शामिल किया गया है। भारत पहले ही तीनों मैच जीतकर श्रृंखला अपने नाम कर चुका है। चौथा मैच शुक्रवार को ऑकलैंड के ईडेन पार्क में खेला जाएगा।
न्यूजीलैंड का बदला हुआ टी20 स्क्वाड
टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, एडम मिल्न,ब्लेयर टिकनर, डेवोन कॉनवे, काइल जेमीसन, जैकब डफी, मैट फिशर।


