वनडे सीरीज के लिए तैयारियों में जुटे शुभमन गिल, रोहित-कोहली की वापसी से बढ़ेगा रोमांच

0

नई दिल्ली : न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 नवंबर से शुरू होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज को लेकर शुभमन गिल ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। टी20 टीम से जुड़ने के बाद भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान ने नेट्स पर बल्लेबाजी का अभ्यास किया। इस दौरान उनके माथे पर फिटनेस ट्रैक करने वाला खास डिवाइस भी नजर आया। वनडे सीरीज से भारतीय टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली की भी वापसी होगी। शुभमन गिल अभ्यास सत्र के दौरान माथे पर ‘टेंपल’ (Temple) नाम का फिटनेस ट्रैकिंग डिवाइस पहने नजर आए। विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल और तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ भी भारतीय टीम से जुड़ गए हैं।

शुभमन गिल को अपने करीबी दोस्त और भारत के टी20 अंतरराष्ट्रीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के साथ बातचीत करते हुए भी देखा गया। अभिषेक शर्मा ने वेलिंगटन में खेले गए तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में न्यूजीलैंड के 199 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 38 गेंद में 113 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। भारत ने इस मुकाबले में जीत के साथ पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है।

पिछले एक साल में शुभमन गिल के सामने आईं कई चुनौतियां

शुभमन गिल के लिए पिछले एक साल में कई चुनौतियां रही हैं। शुभमन गिल को पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मुश्किलों का सामना करना पड़ा था, जबकि इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम को हार मिली थी।

इशान किशन ने भी नेट्स पर बहाया पसीना

इशान किशन और केएल राहुल ने भी नेट्स पर अभ्यास के दौरान बल्लेबाजी की। इशान किशन कमर के पास की मांसपेशियों में चोट से उबर रहे हैं। भारतीय कप्तान ने नेट्स पर बल्लेबाजी करने से पहले बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक से भी बातचीत की। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद शुभमन गिल दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे।

टेस्ट सीरीज की शुरुआत 19 नवंबर से होगी। शुभमन गिल ने इस साल इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैच की सीरीज में 754 रन बनाए थे। आगामी मुकाबलों में अपनी तैयारी को बेहतर बनाने के लिए शुभमन गिल निजी तौर पर चार से पांच नेट गेंदबाजों का खर्च भी उठा रहे हैं, ताकि अभ्यास के दौरान उन्हें अपनी जरूरत के मुताबिक गेंदबाजी का सामना करने का मौका मिल पाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here