- आशीष तानी पूर्ति की हैट्रिक, संस्कारधानी ने मैनपाट को 4-0 से हराया; बैलाडीला ने चक्रधर को 6-2 से दी शिकस्त
रायपुर, 30 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लीग मुकाबलों के रोमांचक समापन के साथ ही टूर्नामेंट की चार सेमीफाइनलिस्ट टीमें तय हो गई हैं। शुक्रवार को खेले गए मुकाबलों में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने मैनपाट टाइटन्स को 4-0 से पराजित किया, वहीं बैलाडीला बुल्स ने चक्रधर चैंपियंस को 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसके साथ ही न्यायधानी नाइट्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, मैनपाट टाइटन्स और बैलाडीला बुल्स ने अंतिम चार में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है।
आशीष तानी पूर्ति की हैट्रिक से संस्कारधानी की बड़ी जीत
दिन के पहले मुकाबले में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मैनपाट टाइटन्स को 4-0 से शिकस्त दी। संस्कारधानी की जीत के नायक आशीष तानी पूर्ति रहे, जिन्होंने बेहतरीन खेल दिखाते हुए शानदार हैट्रिक लगाई। इस प्रदर्शन के साथ ही टूर्नामेंट में उनके कुल गोलों की संख्या 12 हो गई।
मुकाबले का पहला क्वार्टर गोलरहित रहा। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में आशीष तानी पूर्ति ने शानदार ड्रैग फ्लिक के जरिए गोल कर संस्कारधानी को 1-0 की बढ़त दिलाई। तीसरे क्वार्टर में उन्होंने लगातार दो गोल दागकर अपनी टीम की स्थिति मजबूत कर दी। मैच के अंतिम क्षणों में शाहरुख के बेहतरीन पास पर ओम कुमार यादव ने फील्ड गोल करते हुए स्कोर 4-0 कर दिया।
पूरे टूर्नामेंट में अपनी मजबूत रक्षापंक्ति के लिए पहचान बनाने वाली मैनपाट टाइटन्स इस मुकाबले में संस्कारधानी के आक्रामक खेल के सामने बेबस नजर आई। शानदार प्रदर्शन के लिए आशीष तानी पूर्ति को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलको एवं हॉकी इंडिया के संयुक्त सचिव फिरोज अंसारी ने सम्मानित किया।
बैलाडीला बुल्स ने चक्रधर चैंपियंस को 6-2 से हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में बैलाडीला बुल्स ने आक्रामक हॉकी का शानदार प्रदर्शन करते हुए चक्रधर चैंपियंस को 6-2 से पराजित किया। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए बैलाडीला को इस मुकाबले में जीत की दरकार थी। टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए अपने इरादे स्पष्ट कर दिए।
मैच के पहले ही मिनट में आनंद ने शानदार रिवर्स फ्लिक से गोल दागकर बैलाडीला बुल्स को बढ़त दिलाई। इसके बाद जसकरण सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पेनल्टी कॉर्नर सहित मिले अवसरों को गोल में तब्दील किया। आनंद ने भी अपना दूसरा गोल किया, जबकि गोपाल ने पेनल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर टीम की बढ़त और मजबूत कर दी।
वहीं, चक्रधर चैंपियंस की ओर से खोगेश्वर बाग और युवराज वाल्मीकि ने गोल किए, लेकिन वे अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके। इस जीत के साथ बैलाडीला बुल्स ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जबकि चक्रधर चैंपियंस का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।
31 अक्टूबर को होंगे दोनों सेमीफाइनल मुकाबले
लीग चरण के समापन के बाद अब खिताबी मुकाबले की दौड़ और रोमांचक हो गई है। शनिवार, 31 अक्टूबर को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहले सेमीफाइनल में शाम 5:30 बजे न्यायधानी नाइट्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स आमने-सामने होंगी। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में शाम 7:30 बजे बैलाडीला बुल्स का मुकाबला मैनपाट टाइटन्स से होगा।
चारों टीमों की नजरें अब फाइनल में जगह बनाने पर टिकी हैं। लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करने वाली इन टीमों के बीच सेमीफाइनल में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलने की उम्मीद है। हॉकी प्रेमियों को अब खिताबी मुकाबले के लिए दो रोमांचक और संघर्षपूर्ण मैचों का इंतजार है।


