नई दिल्ली : भारत की 31 वर्षीय महिला शटलर पीवी सिंधू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हाइलो ओपन 2026 के फाइनल में जगह बना ली। इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मैच में उन्होंने अपने हमवतन यानी भारत की ही अनमोल खरब को सीधे सेटों में हरा दिया। पीवी सिंधू ने इस मुकाबले को आसानी से साथ 21-13 और 21-16 से जीत लिया। अब फाइनल मुकाबले में उनका सामना डेनमार्क की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ड से होगा।
इस मैच की शुरुआत अनमोल खरब ने अच्छी की थी और पहले गेम में 6-5 की बढ़त बना ली, लेकिन इंटरवल तक सिंधु ने 11-9 से बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद तो सिंधू ने खरब को कोई मौका नहीं दिया और अपने जोरदार शॉट्स से जरिए खरब को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया। खरब के पास सिंधू के शॉट्स का कोई जवाब नहीं था और पहला गेम सिंधू ने 21-13 के अंतर से जीत लिया। सिंधू ने इस दौरान अपनी लंबाई का भी खूब फायदा उठाया।
दूसरे गेम में एक बार फिर से अनमोल ने शानदार शुरुआत करते हुए शुरुआत में 4-2 की बढ़त बनाई, लेकिन सिंधू ने लगातार और संयम से खेलते हुए मुकाहले में वापसी की। अनमोल ने फिर से स्कोर को 8-8 से बराबर कर लिया था और 9-8 की बढ़त हासिल कर ली। ब्रेक तक पीवी सिंदू ने एक अंक की बढ़त बना ली थी, लेकिन इसके बाद अनमोल ने बेहतरीन स्मैश लगातार 15-13 की बढ़त बना ली। फिर सिंधू ने अनमोल की गलतियों का फायदा उठाते हुए स्कोर 15-15 से बराबर कर दिया। सिंधू ने शानदार ड्रॉप शॉट के जरिए 17-15 की बढ़त बनाई और अनमोल की लगातार गलतियों ने सिंधू को चार मैच प्वाइंट दिलाए। दूसरा गेम भी सिंधू के नाम रहा।
विश्व रैंकिंग में 53वें स्थान पर मौजूद अनमोल खरब के खिलाफ पीवी सिंधू ने 32 मिनट में जीत दर्ज की। 19 साल की अनमोल अपने करियर में दूसरी बार किसी सुपर 500 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंची थीं। इससे पहले उन्होंने पिछले साल आर्कटिक ओपन के अंतिम चार में जगह बनाई थी। दोनों भारतीय खिलाड़ियों के बीच यह दूसरा मुकाबला था। इससे पहले 2024 में सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल टूर्नामेंट में सिंधू ने अनमोल को सीधे गेमों में हराया था। वहीं पीवी सिंधू की बात करें तो इस टूर्नामेंट से पहले उन्होंने फ्रेंच ओपन में भी फाइनल तक का सफर तय किया था जहां उन्हें उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा था।


