- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समारोह की अध्यक्षता करेंगे, केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्रीद्वय अरुण साव और विजय शर्मा तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह होंगे अति विशिष्ट अतिथि
- 22 अक्टूबर से शुरू हुए लीग में ओलंपियनों और वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ राज्य के खिलाड़ियों को मिला खेलने का मौका
- छत्तीसगढ़ हॉकी लीग राज्य सरकार द्वारा आयोजित देश की पहली हॉकी लीग
रायपुर. 31 अक्टूबर 2026. केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 1 नवम्बर को शाम 7 बजे आयोजित समारोह की अध्यक्षता करेंगे। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग किसी राज्य सरकार द्वारा आयोजित देश की पहली हॉकी लीग है।
केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा तथा छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समापन समारोह में राज्य शासन के सभी मंत्रीगण, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, रायपुर जिले के सभी विधायकगण, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे तथा जिला पंचायत के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
‘चलौ रे संगी हॉकी खेलबो’ के उद्घोष के साथ शुरू हुई इस लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमों ने भागीदारी की है। सभी टीमों में भारत की ओर से ओलंपिक खेल चुके प्रतिष्ठित हॉकी खिलाड़ियों को मार्की खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया है। इनके साथ मैदान पर उतरने वाले छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ियों को लीग के जरिए न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिला, बल्कि उन्होंने बड़े स्तर के खेल का अनुभव भी हासिल किया। प्रत्येक टीम में राष्ट्रीय स्तर के दिग्गज खिलाड़ियों, ओलंपियनों, स्थानीय प्रतिभाओं और छत्तीसगढ़ के अनुभवी खिलाड़ियों का समावेश किया गया है। पूरी लीग के दौरान प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को देश के नामचीन खिलाड़ियों के साथ अभ्यास करने, उनकी खेल तकनीक को समझने और प्रतिस्पर्धात्मक हॉकी की बारीकियां सीखने का अवसर मिला।
लीग के सभी मैचों के जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर लाइव प्रसारण से छत्तीसगढ़ की खिलाड़ियों की प्रतिभा से देश और दुनिया के दर्शक भी रू-ब-रू हुए। राज्य में पहली बार इस स्वरूप में आयोजित हॉकी लीग से प्रदेश की प्रतिभाओं को बड़ी पहचान मिलने के साथ ही छत्तीसगढ़ में हॉकी के नए अध्याय की शुरुआत होने की उम्मीद है।


