नई दिल्ली : इंडिया ए के खिलाफ दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट में न्यूजीलैंड ए खराब शुरुआत से उबरकर मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। क्राइस्टचर्च में दूसरे दिन रविवार (1 नवंबर) को न्यूजीलैंड ए के 13 रन पर 3 विकेट गिर गए थे। इसके बाद मैथ्यू बॉयल और डीन फ्रॉक्सक्राफ्ट के बीच 205 रनों की साझेदारी के बदौलत वह 3 विकेट पर 218 रन तक पहुंच गया। बॉयल ने शतक जड़ा।
भारत के लिए मुकेश कुमार को दो और मोहम्मद सिराज को 1 विकेट मिला। इससे पहले भारतीय टीम ने ध्रुव जुरेल के शतक, देवदत्त पडिक्कल और आकाशदीप के अर्धशतक की मदद से 346 रन बनाए। इसके बाद मोहम्मद सिराज और मुकेश कुमार ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ शुरुआत में कसी हुई गेंदबाजी की। इससे पांचवें ओवर में ही पहली सफलता मिल गई।
कप्तान रीस मारियू 17 गेंद पर 4 रन बनाकर विकेट के पीछे ध्रुव जुरेल को कैच दे बैठे। आठवें ओवर में मुकेश कुमार ने 3 गेंद पर 2 विकेट लेकर न्यूजीलैंड को बैकफुट पर धकेल दिया। उन्होंने कर्टिस हीफी को यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराया। हीफी ने 21 गेंद पर 4 रन बनाए। दो गेंद बाद टिम रॉबिनसन एलबीडब्ल्यू हो गए। उन्होंने 9 गेंद पर 3 रन बनाए।


