- कल होगा छत्तीसगढ़ राज्य की सबसे बड़ी स्कूल प्रतियोगिता का फ़ाइनल
रायपुर: टर्मिनेटर विप्रा स्कूल चैंपियंस ट्रॉफी में तीसरे स्थान के मुकाबले में केपीएस सरोना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एमजीएम स्कूल रायपुर को 76 रनों से पराजित कर प्रतियोगिता की तीसरे स्थान की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
केपीएस सरोना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए। केपीएस सरोना की ओर से शुभ ने सर्वाधिक 44 रन तथा दीपेंद्र ने 32 रनों का योगदान दिया। वहीं एमजीएम स्कूल की ओर से गेंदबाजी करते हुए नीरज नायडू ने 3 विकेट और भावेश पांडे ने 2 विकेट हासिल किए।
172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमजीएम स्कूल रायपुर की टीम 12.5 ओवर में 95 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। एमजीएम स्कूल की ओर से स्वप्निल ने सर्वाधिक 65 रनों की पारी खेली। वहीं केपीएस सरोना की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए चंदन सोनकर और आशीष प्रधान ने 3-3 विकेट हासिल किए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए चंदन सोनकर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस जीत के साथ ही केपीएस सरोना ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत आज लीग मुकाबलों, सेमीफाइनल और तीसरे स्थान के मुकाबले के साथ फाइनल में पहुंचने वाली दोनों टीमों का फैसला हो गया।
अब प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला 4 नवंबर को शंकराचार्य विद्यालय हुडको भिलाई और एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल रायपुर के मध्य खेला जाएगा।
छत्तीसगढ़ राज्य की प्रतिष्ठित 32 स्कूल टीमों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों टीमों ने फाइनल में अपनी जगह बनाई है। दोनों ही टीमें प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ टीमों में शामिल हैं और खिताबी मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। कल फाइनल मुकाबले के साथ ही प्रतियोगिता का भव्य समापन भी होगा।इस प्रतियोगिता में 32 स्कूल के 500 खिलाड़ियों ने भाग लिया!
उल्लेखनीय है कि टर्मिनेटर विप्रा स्कूल चैंपियंस ट्रॉफी के सभी मुकाबलों का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण किया गया, वहीं क्रिकहीरोज पर भी दर्शकों को लाइव स्कोर की सुविधा उपलब्ध कराई गई।


