रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ (CSCS) द्वारा रणजी ट्रॉफी 2026-27 का आयोजन 11 अक्टूबर 2026 से किया जा रहा है। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम अपना चौथा मुकाबला 02 से 05 नवंबर 2026 तक हैदराबाद के जिमखाना स्टेडियम में मेजबान हैदराबाद के विरुद्ध खेल रही है।
तीसरे दिन का खेल
मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। छत्तीसगढ़ की टीम ने अपनी पहली पारी में 90.1 ओवरों में सभी 10 विकेट खोकर 284 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान अनुज तिवारी ने शानदार 72 रन तथा उपकप्तान विकल्प तिवारी ने 69 रनों का योगदान दिया। इनके अलावा मयंक वर्मा और जयंत यादव ने 36-36 रन बनाए।
हैदराबाद की ओर से मिलिंद ने 3 विकेट, जबकि रक्षण रेड्डी और अनिकेत रेड्डी ने 2-2 विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में हैदराबाद की टीम ने अपनी पहली पारी में 86.1 ओवरों में 280 रन बनाए। इस तरह हैदराबाद की टीम पहली पारी के आधार पर छत्तीसगढ़ से 4 रन पीछे रही। हैदराबाद की ओर से राहुल रादेश ने 72 रन और हिमत्तेजा ने 46 रन बनाए। इनके अलावा अनिकेत रेड्डी ने 32 तथा तनय त्यागराजन ने संघर्षपूर्ण 34 रनों का योगदान दिया।
छत्तीसगढ़ की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए धर्मेंद्र सिंह जडेजा ने 5 विकेट झटके। वहीं देव आदित्य सिंह और जयंत यादव ने 2-2 विकेट हासिल किए। पहली पारी में 4 रनों की बढ़त के साथ उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने अपनी दूसरी पारी में 68.4 ओवरों में सभी 10 विकेट खोकर 254 रन बनाए। छत्तीसगढ़ की ओर से मयंक वर्मा ने शानदार 81 रनों की पारी खेली, जबकि संजीत देसाई ने 51 रन और धर्मेंद्र सिंह जडेजा ने 38 रनों का योगदान दिया।
हैदराबाद की ओर से रक्षण रेड्डी और अनिकेत रेड्डी ने 3-3 विकेट हासिल किए।
इस प्रकार छत्तीसगढ़ ने हैदराबाद के सामने जीत के लिए 259 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक हैदराबाद ने अपनी दूसरी पारी में 5 ओवरों में 2 विकेट खोकर मात्र 13 रन बनाए हैं। छत्तीसगढ़ की ओर से देव आदित्य सिंह ने दोनों विकेट हासिल किए।
तीसरे दिन की समाप्ति पर हैदराबाद को मुकाबला जीतने के लिए अब भी 246 रनों की आवश्यकता है, जबकि छत्तीसगढ़ की टीम जीत से मात्र 8 विकेट दूर है। चौथे दिन का खेल मुकाबले के परिणाम की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है।


