मोहम्मद शमी के 4 विकेट बेअसर, पृथ्वी शॉ-सचिन की पारियों से महाराष्ट्र ने दर्ज की शानदार जीत

0

नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले चरण में शुरुआती तीन मुकाबले जीतने वाली अभिमन्यु ईश्वरन की कप्तानी वाली बंगाल की टीम को आखिरकार पहली हार का सामना करना पड़ा। पहले चरण के चौथे मुकाबले के अंतिम दिन पृथ्वी शॉ की कप्तानी वाली महाराष्ट्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बंगाल को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी और टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। महाराष्ट्र की इस जीत में दूसरी पारी के दौरान कप्तान पृथ्वी शॉ और उनके साथी सलामी बल्लेबाज सचिन धास की अहम भूमिका रही। दोनों बल्लेबाजों ने तूफानी अर्धशतक लगाकर टीम को आसान जीत दिलाई।

इस मैच में बंगाल के लिए महाराष्ट्र की पहली पारी में मोहम्मद शमी ने 4 विकेट झटके थे, लेकिन उनकी यह मेहनत बेकार साबित हुई। बंगाल की बल्लेबाजी इस मुकाबले में बुरी तरह फ्लाप नजर आई। पहली पारी में बंगाल की टीम 143 रन पर ही सिमट गई थी। जवाब में महाराष्ट्र ने तनय सांघवी के चार विकेट के बाद उनके 60 रन की बदौलत 218 रन बनाए और 75 रन की बढ़त हासिल की।

फिर बंगाल की टीम का प्रदर्शन दूसरी पारी में भी खास नहीं रहा। बंगाल ने दूसरी पारी में भी सिर्फ 186 रन बनाए और महाराष्ट्र के सामने 112 रन का लक्ष्य रखा। अभिषेक पोरेल ने दूसरी पारी में 65 और सुमंता गुप्ता ने 59 रन की पारी खेली। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन का बल्ला इस मुकाबले में खामोश रहा।

रणजी ट्रॉफी में महाराष्ट्र की शानदार जीत, बंगाल को 10 विकेट से दी शिकस्त

112 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी महाराष्ट्र के लिए कप्तान पृथ्वी शॉ और उनके साथी ओपनर सचिन धास ने तेजतर्रार शुरुआत की। शॉ ने 50 गेंद पर 53 रन की तूफानी पारी खेली और 3 चौके व चार छक्के लगाए। उनके साथी सचिन ने 68 गेंद पर 61 रन बनाए और अपनी पारी में 10 चौके लगाए। इस तरह महाराष्ट्र ने 10 विकेट से मुकाबला जीत लिया।

महाराष्ट्र ने हराया, लेकिन अंकतालिका में बंगाल का जलवा बरकरार

बंगाल की टीम की लगातार तीन जीत के बाद यह पहली हार है। वहीं महाराष्ट्र ने चार में से 2 मुकाबले जीते हैं और दो ड्रॉ पर समाप्त हुए। बंगाल और महाराष्ट्र के 18-18 अंक हैं, लेकिन बंगाल की टीम का नेट रनरेट अच्छा है। एलीट ग्रुप सी की अंकतालिका में बंगाल टॉप पर है और महाराष्ट्र दूसरे स्थान पर है। इस ग्रुप में गुजरात तीसरे, केरल चौथे और झारखंड पांचवें स्थान पर है। ओडिशा की टीम इस ग्रुप में आखिरी स्थान पर है। हालांकि, बाकी अन्य टीमों के मुकाबले अभी जारी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here