IND vs PAK: एक कैच के पीछे दौड़े पाकिस्तान के तीन खिलाड़ी, फिर भी गेंद हाथ से छूटी

0

नई दिल्ली: क्रिकेट के मैदान पर पाकिस्तान की खराब फील्डिंग कोई नई बात नहीं है। भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप 2026 के मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही हुआ। पाकिस्तान के तीन खिलाड़ी एक आसान कैच पकड़ने के लिए गेंद के नीचे पहुंचे, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि तीनों में से किसी ने भी गेंद पकड़ने की जिम्मेदारी नहीं ली। नतीजा यह हुआ कि आसान सा कैच टपक गया और भारतीय बल्लेबाज को जीवनदान मिल गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

यह वाकया ओमान के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड पर भारत की पारी के 44वें ओवर के दौरान हुआ। मोहम्मद सय्यम की गेंद पर काव्या पटेल ने आगे निकलकर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर काफी ऊंची हवा में चली गई। ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान को आसानी से एक विकेट मिल जाएगा।

गेंद हवा में थी और उसे पकड़ने के लिए खुद गेंदबाज सय्यम के अलावा विकेटकीपर हमजा जहूर और फील्डर उस्मान खान भी दौड़ पड़े। तीनों खिलाड़ी गेंद के नीचे पहुंच गए, लेकिन किसी ने भी कैच लेने की जिम्मेदारी नहीं उठाई। एक-दूसरे को देखकर तीनों पीछे हट गए और गेंद सीधे जमीन पर जा गिरी। इस तरह काव्या पटेल को बड़ा जीवनदान मिल गया।

कैच छूटने के बाद मोहम्मद सय्यम काफी नाराज नजर आए। उन्होंने तुरंत अपने साथी खिलाड़ियों की ओर गुस्से में प्रतिक्रिया दी। दूसरी तरफ नॉन-स्ट्राइकर छोर पर खड़े ईशान सूद इस पूरे घटनाक्रम को देखकर मुस्कुराते नजर आए। पाकिस्तान की खराब फील्डिंग का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी खिलाड़ियों का जमकर मजाक उड़ रहा है।

पाकिस्तान की गेंदबाजी इस मुकाबले में काफी प्रभावशाली रही। भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी बिना खाता खोले आउट हो गए। एक समय भारत का स्कोर पांच विकेट पर 86 रन था और टीम मुश्किल में नजर आ रही थी। ऐसे समय में अर्जुन राजपूत ने मोर्चा संभाला और शानदार शतकीय पारी खेलकर भारत को मुश्किल से निकाला। उन्होंने 85 गेंदों पर 107 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और पांच छक्के शामिल रहे।

अर्जुन राजपूत की शतकीय पारी की बदौलत भारतीय टीम 46.3 ओवर में 208 रन बनाकर ऑलआउट हुई। पाकिस्तान की तरफ से अली रजा, रिजवानुल्लाह और निकाब शफीक ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। 209 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने सात विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। विकेटकीपर बल्लेबाज हमजा जहूर ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here