नई दिल्ली : भारत ने शतरंज की दुनिया में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मध्य प्रदेश के 22 वर्षीय अनुज श्रीवात्री देश के 100वें शतरंज ग्रैंडमास्टर बन गए हैं। अनुज श्रीवात्री ने 8 नवंबर को फिलीपींस में आयोजित 7वीं आसियान प्लस इंडिविजुअल ओपन शतरंज चैंपियनशिप जीतकर यह उपलब्धि हासिल की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अनुज श्रीवात्री की इस सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें बधाई दी।
पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत के 100 ग्रैंडमास्टर होने को शतरंज के बढ़ते प्रभाव, खिलाड़ियों की प्रतिभा और मेहनत का बड़ा उदाहरण बताया। साथ ही उम्मीद जताई कि यह उपलब्धि देश के युवाओं को शतरंज अपनाने और इस खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने X हैंडल पर लिखा, ‘‘भारत ने शतरंज में शतक लगा दिया है! है ना यह शानदार उपलब्धि? अब भारत में 100 शतरंज ग्रैंडमास्टर हो गए हैं। भारत के 100वें शतरंज ग्रैंडमास्टर बनने पर अनुज श्रीवात्रीको बहुत-बहुत बधाई। यह शानदार उपलब्धि है।’’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीएम नरेंद्र मोदी के मुताबिक, ‘‘भारत का 100 ग्रैंडमास्टर तक पहुंचना हमारे खिलाड़ियों की प्रतिभा, लगन और कड़ी मेहनत के साथ-साथ युवाओं में शतरंज की बढ़ती लोकप्रियता को भी दर्शाता है।’’ पीएम मोदी ने लिखा, ‘‘यह देखकर विशेष खुशी होती है कि देश के अलग-अलग हिस्सों से युवा शतरंज खिलाड़ी निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उम्मीद है कि अनुज की यह उपलब्धि देश के और भी युवाओं को शतरंज अपनाने और इस खेल में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।’’
मध्यप्रदेश को मिला पहला शतरंज ग्रैंडमास्टर
मध्य प्रदेश के 22 वर्षीय अनुज श्रीवात्री ने आठ नवंबर को फिलीपींस में आयोजित 7वीं आसियान प्लस इंडिविजुअल ओपन शतरंज चैंपियनशिप जीतकर ग्रैंडमास्टर का खिताब हासिल किया। इसके साथ ही वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले मध्य प्रदेश के पहले खिलाड़ी बन गए। ओजामिस सिटी में आयोजित इस टूर्नामेंट में अनुज श्रीवात्री ने नौ राउंड में सात अंक हासिल किये। अनुज श्रीवात्री वियतनाम के गुयेन डुक होआ से आधा अंक आगे रहे। अनुज श्रीवात्री ने टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला गंवा दिया था।
10 में से 7 मुकाबले जीतकर अनुज श्रीवात्री ने हासिल किया ग्रैंडमास्टर का खिताब
इसके बाद अनुज श्रीवात्री ने शानदार वापसी की। अनुज श्रीवात्री ने अगले आठ में से छह मुकाबलों में जीत हासिल की, जबकि दो मुकाबले ड्रॉ रहे। आखिरी राउंड में ऑस्ट्रेलिया के जेम्स मॉरिस को हराकर उन्होंने टूर्नामेंट का खिताब जीता और ग्रैंडमास्टर बनने का मुकाम हासिल किया।


