वनडे टीम में सिराज की अनदेखी पर सवाल, 19 नवंबर 2023 के बाद खेले सिर्फ 10 मुकाबले

0

नई दिल्ली : भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है। इस सीरीज के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को वनडे स्क्वाड में शामिल किया गया था। मौजूदा तेज गेंदबाजी आक्रमण में वह सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें शुरुआती चार मुकाबलों में प्लेइंग 11 में जगह नहीं मिली। चौथे वनडे में फॉर्म में चल रहे अंशुल कम्बोज उपलब्ध नहीं थे, ऐसे में उम्मीद जताई जा रही थी कि सिराज को खेलने का मौका मिलेगा। हालांकि, इस मैच में भी उन्हें बाहर रखा गया। लगातार मिल रही अनदेखी के बाद कई सवाल उठने लगे हैं। इनमें सबसे अहम सवाल यह है कि क्या मोहम्मद सिराज 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम की योजनाओं का हिस्सा हैं?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अर्शदीप सिंह, आकिब नबी दार, गुरनूर बराड़ और अंशुल कम्बोज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले दो वनडे में कमाल का प्रदर्शन किया। इसी कारण सिराज को जगह नहीं मिल पाई। चौथे वनडे में उम्मीद थी कि मोहम्मद सिराज आकर पेस बैट्री की अगुवाई करेंगे, लेकिन उन्हें फिर से नजरअंदाज होना पड़ा। खास बात यह है कि सिराज टेस्ट स्क्वाड का भी हिस्सा हैं और राहुल, गिल, कम्बोज टेस्ट की तैयारी के लिए वेलिंगटन में कैम्प ज्वॉइन कर चुके हैं। सिराज टेस्ट कैम्प में भी नहीं गए तो उम्मीद थी कि वह आखिरी दो वनडे खेलेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

19 नवंबर 2023 के बाद सिराज को मिले सिर्फ 10 वनडे खेलने के मौके

मोहम्मद सिराज ने जनवरी 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल डेब्यू किया था। 19 नवंबर 2023 तक सिराज ने अपने वनडे करियर में 41 मुकाबले खेले थे। 19 नवंबर 2023 को वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार के बाद अब तक सिराज ने सिर्फ 10 वनडे मुकाबले ही खेले हैं और 47.44 की औसत से इस दौरान सिर्फ 9 विकेट ले पाए हैं। विश्व कप में भी वह खासा प्रभावित नहीं कर पाए थे। क्या यही कारण है कि शायद सिराज बस बुमराह के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में हैं और उनके आते ही बाहर कर दिए जाएंगे?

वनडे क्रिकेट में कितना दमदार रहा है सिराज का प्रदर्शन? आंकड़ों पर डालें नजर

मोहम्मद सिराज ने भारत के लिए टेस्ट से भी ज्यादा 51 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं। 50 पारियों में उनके नाम 77 विकेट दर्ज हैं। वनडे में उनका गेंदबाजी औसत 25.67 का रहा है। 6/21 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अब तक वनडे क्रिकेट में रहा है। उनकी इकॉनमी भी अच्छी है और 5.15 की रही है।

क्या 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजना में शामिल हैं मोहम्मद सिराज?

मोहम्मद सिराज ने पिछले वर्ल्ड कप के बाद अब तक सिर्फ 10 वनडे मुकाबले खेले हैं। अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़ और आकिब नबी दार को टीम लगातार प्रमोट कर रही है। अंशुल कम्बोज ने भी शानदार प्रदर्शन न्यूजीलैंड में किया और जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा की टीम इंडिया में वापसी तय है। ऐसे में सिराज की जगह मौजूदा पेस बैट्री में बनती मुश्किल लग रही है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शायद यही कारण है कि न्यूजीलैंड सीरीज में भी सिराज से पहले टीम बाकी सभी विकल्प आजमा रही है। आखिरी विकल्प के तौर पर सिराज फिलहाल नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि सिराज शायद 2027 वर्ल्ड कप की योजना का हिस्सा नहीं हैं। वह बात अलग है कि कोई इंजरी या इमरजेंसी की स्थिति उस वक्त बन जाए जब उन्हें टीम में बुलाया जाए। ऐसा ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 में देखा गया था, जब अंतिम मौके पर वह टीम के साथ जुड़े थे।

क्या ज्यादा क्रिकेट खेलने के दबाव में सिराज को आराम दे रहा टीम मैनेजमेंट?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मोहम्मद सिराज भारतीय टेस्ट स्क्वाड में जसप्रीत बुमराह के बाद दूसरे सबसे अनुभवी और अहम तेज गेंदबाज हैं। ऐसे में टेस्ट सीरीज से पहले उनका वर्कलोड मैनेज करने के लिए भी शायद उन्हें वनडे सीरीज में आराम दिया जा रहा होगा, यह एक कारण हो सकता है। मोहम्मद सिराज इस सीरीज से पहले इंडिया ए के साथ थे और उससे पहले रणजी ट्रॉफी में हैदराबाद की कप्तानी कर रहे थे। इसी कारण उन्हें लगातार प्रैक्टिस के कारण शायद टेस्ट कैम्प में नहीं भेजा गया होगा और वह वनडे टीम के साथ कवर (इमरजेंसी स्थिति) के लिए मौजूद हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here