संघर्षों से स्वर्ण पदक तक का सफर, यूथ ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट गुंजन यादव की कहानी

0

नई दिल्ली : एक दिन पिता ने बेटी के हौसले और मेहनत को परखने के लिए उसे खेत में उतार दिया। हरियाणा के हिसार जिले के धाना कलां गांव में सात एकड़ के खेत में गुंजन यादव ने पूरे दिन कपास की खोदाई की। इस दौरान पिता हरभगवान और चाचा राम अवतार यादव ने आराम किया, लेकिन 15 वर्षीय गुंजन बिना थके लगातार काम करती रही। बेटी की लगन और मेहनत देखकर पिता को यकीन हो गया कि उसमें दुनिया जीतने का जज्बा है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस सपने को पूरा करने के लिए मां सुमन ने भी गांव छोड़कर हिसार में बच्चों के साथ दो कमरों के किराये के मकान में रहना शुरू किया। परिवार की आर्थिक तंगी और संघर्ष के बीच गुंजन ने मुक्केबाजी में पहचान बनाई। गुंजन ने डकार में यूथ ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली दूसरी भारतीय हैं और पहली भारतीय महिला मुक्केबाज हैं।

गुंजन यादव की इस कामयाबी के बाद पिता हरभगवान को साल 2024 का एक किस्सा याद आया। उस समय गुंजन 15 साल की थीं और जूनियर नेशनल चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में हार गई थीं। इसके बाद हरभगवान बेटी को हिसार के पास धाना कलां गांव में अपने सात एकड़ के खेत पर ले गए। उन्होंने गुंजन यादव से एक दिन उनके साथ कपास के खेत में काम करने को कहा।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गुंजन का हौसला और मेहनत करने की उसकी क्षमता परखना चाहता था। उसने पूरे दिन खेत में खोदाई का काम किया। मैं और मेरा भाई राम अवतार आराम करते रहे, लेकिन वह लगातार काम करती रही। उसी दिन मुझे अहसास हो गया था कि गुंजन अपने हौसले के दम पर दुनिया जीत सकती है।’’

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गुंजन यादव ने टोक्यो ओलंपिक 2021 में नीरज चोपड़ा को भाला फेंक में गोल्ड मेडल जीतते देखा था। इसके बाद उन्होंने पिता से कहा कि वह भी किसी खेल में अपना करियर बनाना चाहती हैं। परिवार ने उन्हें हिसार के महावीर स्टेडियम में कोच ज्योति के पास ट्रेनिंग के लिए भेजा। इसके बाद गुंजन ने हिसार की मंजीत लोहान बॉक्सिंग अकादमी में कोच विकास लोहान से मुक्केबाजी के गुर सीखे।

इस फैसले के बाद गुंजन की मां सुमन को भी गांव छोड़कर हिसार आना पड़ा। वह गांव में बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं। बेटी और बेटे की देखभाल के लिए वह दोनों बच्चों के साथ हिसार में किराये के दो कमरों वाले मकान में रहने लगीं। पिता हरभगवान गांव में रहकर खेत संभालते रहे।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गुंजन के चाचा राम अवतार बताते हैं, ‘‘गुंजन ने हमसे कहा था कि वह भी नीरज चोपड़ा की तरह ओलंपिक में मेडल जीतना चाहती है।’’ हरभगवान के मुताबिक, ‘‘बेटी के इस सपने को पूरा करने के लिए परिवार को आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ा।’’

हरभगवान बताते हैं, ‘‘मेरी पत्नी हिसार के एक स्कूल में नौकरी करती थीं। उन्हें हर महीने 12 हजार रुपये मिलते थे। इसके अलावा वह ट्यूशन भी पढ़ाती थीं। शहर में जिस मकान में हम रहते थे, उसका किराया आठ हजार रुपये था। मैं और मेरा भाई खेती से हर महीने करीब 30 हजार रुपये कमाते थे। कई बार खर्च चलाने के लिए हमें कर्ज भी लेना पड़ा।’’ गुंजन ने अपनी मेहनत से पहले सब-जूनियर और जूनियर नेशनल चैंपियनशिप के खिताब जीते। इसके बाद उन्होंने एशियन जूनियर चैंपियनशिप और इस साल अंडर-19 फ्यूचर कप में रजत पदक हासिल किया।

कोच की मेहनत और मार्गदर्शन ने गुंजन यादव को बनाया चैंपियन

गुंजन के कोच विकास लोहान को याद है कि ट्रेनिंग शुरू होने पर उनका पहला लक्ष्य गुंजन को शारीरिक रूप से मजबूत बनाना था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पूर्व मुक्केबाज लोहान बताते हैं, ‘‘गुंजन के पैरों की चाल अच्छी थी, लेकिन सबसे पहले उन्हें शारीरिक रूप से मजबूत बनाना जरूरी था। इसके लिए हम गांव के आसपास की सड़कों पर उनसे 100 मीटर और 400 मीटर की तेज दौड़ लगवाते थे।’’

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विकास लोहान ने बताया, ‘‘इसके अलावा गुंजन को 10 किलोमीटर तक दौड़ाया जाता था। जब गुंजन की ताकत और सहनशक्ति बेहतर हो गई, तब हमने मुक्केबाजी की तकनीक पर काम शुरू किया। गुंजन के सीधे मुक्के अच्छे थे, लेकिन हमने सीधे दाएं मुक्के और बाएं हुक को और बेहतर बनाने पर ध्यान दिया।’’

डकार में गुंजन यादव को पहले दौर में बाई मिली। इसके बाद गुंजन यादव ने क्वार्टर फाइनल में मैक्सिको की एटेना सोफिया कालेरो को 5-0 से हराया। बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल में गुंजन यादव ने खिताब की प्रबल दावेदार इंग्लैंड की लिली बैसेट को 4-1 से मात दी। बैसेट अपने 48 शौकिया मुकाबलों में से सिर्फ एक हारी थीं।

कोच विकास लोहान बताते हैं कि गुंजन ने अपने विरोधियों को मुश्किल में डालने के लिए दाएं हाथ के क्रॉस पंच और बाएं हुक का अच्छा इस्तेमाल किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विकास लोहान ने कहा, ‘‘इंग्लैंड की मुक्केबाज का बायां अपर पंच काफी मजबूत था। गुंजन ने दाएं हाथ के क्रॉस पंच और बाएं हुक से उसका जवाब दिया। अल्जीरिया की मुक्केबाज के खिलाफ फाइनल में भी उन्होंने यही रणनीति अपनाई। गुंजन ने पहले राउंड से ही मुकाबले पर पकड़ बना ली थी।’’ भारतीय राष्ट्रीय मुक्केबाजी कोच गीता ओइनम चानू का मानना है कि इस प्रतियोगिता से गुंजन को आगे काफी फायदा मिलेगा। अब उनका अगला लक्ष्य जल्द से जल्द 51 किलोग्राम भार वर्ग में जाना होना चाहिए।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गीता आइनम चानू के मुताबिक, ‘‘गुंजन अपनी लंबी पहुंच का अच्छा इस्तेमाल करती हैं। गुंजन यादव का सीधे हाथ का मुक्का काफी अच्छा है। समय के साथ गुंजन यादव के मुक्कों में और ताकत आएगी। सीनियर वर्ग में और 51 किलोग्राम भार वर्ग में जाने पर इसका उन्हें काफी फायदा मिलेगा।’’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here