नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने रविवार (15 नवंबर) को जानकारी दी कि 2027 महिला प्रीमियर लीग (WPL 2027) का मुंबई चरण अब क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (CCI) के ब्रेबोर्न स्टेडियम के बजाय वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इसमें एलिमिनेटर और फाइनल मैच शामिल हैं। मैचों की तारीखों और शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
यह बदलाव इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के अनुरोध पर किया गया है, क्योंकि सीसीआई 14 फरवरी से शुरू होने वाली पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करने वाला है। डब्ल्यूपीएल के खत्म होने और इस बहु-राष्ट्रीय टूर्नामेंट के शुरू होने के बीच का समय इतना कम था कि पिचों को दोबारा तैयार होने का मौका नहीं मिल पाता, इसलिए मैचों को वानखेड़े स्टेडियम में शिफ्ट करने का फैसला लिया गया।
मुंबई चरण में 11 मैच शामिल हैं। यह 26 जनवरी से शुरू होगा। इसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा। मुंबई में लीग चरण 3 फरवरी को समाप्त होगा, जब दिल्ली कैपिटल्स का सामना यूपी वॉरियर्स से होगा। वानखेड़े स्टेडियम में 5 फरवरी को एलिमिनेटर और 7 फरवरी को फाइनल मैच भी खेला जाएगा। डब्ल्यूपीएल का पांचवां संस्करण 14 जनवरी को वडोदरा में शुरू होगा, जिसमें मौजूदा चैंपियन आरसीबी का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा।


