- बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में दुर्ग बना चैंपियन, मेजबान धमतरी को मिला उपविजेता का खिताब
रायपुर। नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में छठवीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय सब जूनियर नेटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 14 एवं 15 नवंबर को धमतरी जिले के कुरूद प्रखंड के ग्रामीण अंचल में किया गया। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 17 जिलों से लगभग 380 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
प्रतियोगिता के बालक वर्ग में 13 जिलों तथा बालिका वर्ग में 14 जिलों की टीमों ने भाग लिया। विशेष बात यह रही कि बस्तर, सरगुजा और जशपुर जैसे दूरस्थ जिलों की टीमों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के दोनों वर्गों में दुर्ग जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं मेजबान धमतरी की टीम बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में उपविजेता रही। तीसरे स्थान पर बालक वर्ग में जांजगीर-चांपा तथा बालिका वर्ग में रायपुर जिले की टीम रही।

मिक्स नेटबॉल एवं फास्ट फाइव के लिए चयन ट्रायल आयोजित
प्रतियोगिता के दौरान सब जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों की खेल दक्षता एवं प्रदर्शन के आधार पर मिक्स नेटबॉल एवं फास्ट फाइव नेटबॉल के लिए छत्तीसगढ़ टीम के चयन हेतु सिलेक्शन ट्रायल भी आयोजित किया गया। मिक्स नेटबॉल के लिए 6 बालक एवं 6 बालिका खिलाड़ियों तथा फास्ट फाइव नेटबॉल के लिए 10 बालक एवं 10 बालिका खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। चयनकर्ताओं द्वारा खिलाड़ियों के खेल कौशल, दक्षता एवं प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया। चयनित खिलाड़ियों के लिए जल्द ही प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर अंतिम टीम तैयार की जाएगी। पूरी प्रतियोगिता एवं चयन ट्रायल नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा नियुक्त छत्तीसगढ़ के ऑब्जर्वर पवन पटले की देखरेख में संपन्न हुआ।
ग्रामीण खिलाड़ियों को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर : मीना केरकेट्टा
इस अवसर पर नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष मीना केरकेट्टा ने कहा कि ग्रामीण अंचल में राज्य स्तरीय नेटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होना गौरव की बात है। इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी शहरों के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में ऐसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को मिलेगा मौका : राजेश राठौर
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के महासचिव राजेश राठौर ने बताया कि एसोसिएशन द्वारा प्रदेश में नेटबॉल खेल को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। भविष्य में प्रदेश के विभिन्न जिलों में और भी बेहतर एवं बड़े स्तर की नेटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिल सके।
उन्होंने बताया कि आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ की टीम तैयार की जाएगी। सब जूनियर वर्ग में ट्रेडिशनल नेटबॉल के लिए 12 बालक एवं 12 बालिका खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा मिक्स नेटबॉल एवं फास्ट फाइव नेटबॉल के लिए भी खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें प्रशिक्षण शिविर में शामिल किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा। राजेश राठौर ने कहा कि एसोसिएशन का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक जिले एवं ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को समान अवसर मिले और छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करें।

अतिथियों ने किया खिलाड़ियों का सम्मान
प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में अतिथियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर ज्योति भानु चंद्राकर अध्यक्ष नगर पालिका परिषद कुरूद, गीतेश्वरी साहू अध्यक्ष जनपद पंचायत कुरूद, कु. निशा वैष्णव, जगतपति देव खेल अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण विभाग धमतरी, महेश ध्रुव जनपद सदस्य, माधुरी मोहित साहू सरपंच, डॉ. बी.पी. भोल, रविंद्र कुमार साहू प्राचार्य, रमन साहू अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति, टेकराम साहू, तारा गिरेंद्र साहू, मोहन साहू समाजसेवक, राजेश राठौर महासचिव नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़, एस. मोहन राव, विजय चलोत्रे, संतोष साहू, अनूप यादव सहित गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी जिलों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, अधिकारियों, अतिथियों एवं खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


