प्रसारण के लिए भुगतान करने से लेकर करोड़ों की कमाई तक, कैसे बदली बीसीसीआई की किस्मत?

0

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) आज दुनिया का सबसे धनी क्रिकेट बोर्ड है। उसकी कमाई का सबसे बड़ा स्रोत क्रिकेट मैचों के प्रसारण अधिकार हैं। बीसीसीआई अपने घरेलू टूर्नामेंटों और भारत में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के प्रसारण अधिकार अलग-अलग बेचता है। इसके अलावा, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के प्रसारण अधिकारों की बिक्री से भी बोर्ड को भारी राजस्व प्राप्त होता है। इसी मजबूत प्रसारण अधिकार व्यवस्था ने बीसीसीआई को वैश्विक क्रिकेट में आर्थिक रूप से सबसे सशक्त बोर्डों में शामिल किया है।

बीसीसीआई ने 2022 से 2028 के साइकल के लिए वायाकॉम18 मीडिया प्राइवेट लिमिटेड (स्पोर्ट्स 18 / जियोसिनेमा) को 5,963 करोड़ रुपये (टीवी प्रसारण अधिकार 2862 करोड़ रुपये और डिजिटल राइट्स 3101 करोड़ रुपये) में बेचे थे। प्रति मैच वह 67.75 करोड़ रुपये कमाता है। इसके अलावा उसने 2023 से 2027 के लिए आईपीएल के प्रसारण अधिकार 48,390.32 करोड़ रुपये में बेचे थे।

एक जमाना ऐसा भी था कि बीसीसीआई को दूरदर्शन (DD)को मैच के प्रसारण के लिए पैसे देने पड़ते थे। 1991 में आर्थिक सुधारों के बाद इसमें बदलाव आया। 1993 में दूरदर्शन का एकाधिकार स्टार ने खत्म किया। इसके बाद बीसीसीआई के लिए खजाना खुल गया, जिसके बारे में हम खेलनामा की किताबगाथा के इस अंक में आपको बताएंगे। इसके बारे में वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप मैगजीन ने अपनी किताब ‘नॉट जस्ट क्रिकेट’में विस्तार से लिखा है।

क्रिकेट प्रसारण से बदली तस्वीर, दूरदर्शन का एकाधिकार हुआ खत्म

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रदीप मैगजीन ने लिखा, ‘क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल ने अपनी डायमंड जुबली मनाने के लिए ‘हीरो कप’ का आयोजन किया था। इसमें पांच टीमों को हिस्सा लेना था। भारत, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे और श्रीलंका। देश में पहली बार, एक प्राइवेट चैनल ‘स्टार’ को मैचों का सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) करने का अधिकार दिया गया। इसने सरकारी चैनल दूरदर्शन (DD) के एकाधिकार को खत्म कर दिया, जिसके पास तब तक भारत में होने वाले सभी मैचों के सीधे प्रसारण का एक तरह से पक्का अधिकार था।’

दूरदर्शन ने खटखटाया कोर्ट का दरवाजा

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रदीप मैगजीन ने लिखा, ‘दूरदर्शन ने इस फैसले को यह कहते हुए चुनौती दी कि यह इंडियन टेलीग्राफ एक्ट 1885 के खिलाफ है, जिसके अनुसार किसी भी कार्यक्रम की अपलिंकिंग भारत के बाहर से नहीं की जा सकती। स्टार ऐसा हांगकांग से कर रहा था। क्रिकेट कवरेज पर अपना एकाधिकार छोड़ने से दूरदर्शन के मना करने के कारण 1996 के विश्व कप की भारत द्वारा मेजबानी पर भी संकट के बादल मंडराने लगे थे।’

दूरदर्शन के साथ प्रसारण विवाद में बीसीसीआई को मिली अंतरिम राहत

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रदीप मैगजीन ने लिखा, ‘अदालतों ने बीसीसीआई को अंतरिम राहत दी, जिससे स्टार को हीरो कप का प्रसारण जारी रखने की अनुमति मिल गई। आखिरकार दो साल बाद एक ऐतिहासिक फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि प्रसारण अधिकारों को ‘सार्वजनिक संपत्ति’ नहीं माना जा सकता। इसी फैसले ने भारतीय क्रिकेट की किस्मत बदल दी और धीरे-धीरे भारतीय बोर्ड को दुनिया के सबसे अमीर खेल संगठनों में से एक बना दिया।’

आर्थिक सुधारों का असर, क्रिकेट जगत में बढ़े अवसर और राजस्व

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रदीप मैगजीन ने लिखा, ‘यह वह दौर भी था जब भारत ने खुद को एक समाजवादी देश बताने का दिखावा छोड़ दिया और विदेशी निवेश के लिए अपने दरवाजे खोल दिए। राष्ट्रीय चुनावों के बाद एक बार फिर त्रिशंकु सरकार बनी, जिसमें कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। तेलंगाना क्षेत्र के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीवी नरसिम्हा राव ने वामपंथी दलों के समर्थन से प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके पांच साल के कार्यकाल के दौरान हुए अभूतपूर्व आर्थिक सुधारों से क्रिकेट जगत को बहुत फायदा हुआ।’

कभी क्रिकेट मैच दिखाने के बदले बीसीसीआई से शुल्क वसूलता था डीडी

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रदीप मैगजीन ने लिखा, ‘जब तक दूरदर्शन का एकाधिकार नहीं टूटा था तब तक वह प्रसारण अधिकारों के लिए न तो कोई भुगतान करता था, बल्कि प्रसारण के लिए बीसीसीआई से ही पैसे वसूलता था। मेजबान एसोसिएशन केवल टिकटों की बिक्री और स्टेडियम के अंदर लगे विज्ञापनों के जरिए ही कमाई कर सकते थे। किसी अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी करने के लिए, मेजबान एसोसिएशन को बीसीसीआई को गारंटी मनी देनी पड़ती थी। अस्सी के दशक की शुरुआत में यह रकम लगभग 2 लाख रुपये थी, जो 1990 तक बढ़कर 20 लाख रुपये हो गई थी।’

ब्रॉडकास्टिंग राइट्स बने बीसीसीआई की बेशुमार कमाई का सबसे बड़ा आधार

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रदीप मैगजीन ने लिखा, ‘ब्रॉडकास्टिंग अधिकारों की बिक्री ने भारतीय बोर्ड की आर्थिक स्थिति पूरी तरह बदल दी और 1994 के बाद से इसमें पैसों की भारी आवक शुरू हो गई। साल 2000 में दूरदर्शन (DD) ने चार साल की अवधि के लिए BCCI को लगभग 240 करोड़ रुपये का भुगतान किया। लगभग दो दशक बाद स्टार स्पोर्ट्स ने पांच साल की अवधि के लिए सभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के प्रसारण हेतु 6138 करोड़ रुपये का करार किया। इस राशि को राज्य संघों और बोर्ड के बीच 70-30 के अनुपात में बांटा जाता है। इसके अलावा 2017 में स्टार ने आईपीएल के प्रसारण अधिकारों के लिए बोर्ड के साथ पांच साल का एक बड़ा करार किया, जिसकी कीमत 16,347.5 करोड़ रुपये थी। औसतन अब हर राज्य इकाई को बोर्ड से सालाना सब्सिडी के रूप में लगभग 25 से 30 करोड़ रुपये मिलते हैं।’

कैसे बढ़ा बीसीसीआई का खजाना, जानिए कमाई के बड़े स्रोत

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रदीप मैगजीन ने लिखा, ‘आईपीएल से होने वाली कमाई को टीम मालिकों और बोर्ड के बीच 60-40 के अनुपात में बांटा जाता है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के प्रसारण अधिकारों से बोर्ड को जो 30 प्रतिशत हिस्सा मिलता है, उसमें से 26 प्रतिशत राशि अंतरराष्ट्रीय और घरेलू खिलाड़ियों को भुगतान करने में खर्च की जाती है। यही कारण है कि बोर्ड का खजाना इतना भरा हुआ है और खिलाड़ियों की कमाई में भी भारी उछाल आया है। चाहे वह मैच फीस हो, सालाना अनुबंध हो या टीम स्पॉन्सरशिप। खिलाड़ियों के निजी विज्ञापन की कमाई इससे अलग है।’

वेस्टइंडीज को मात देकर भारत बना हीरो कप चैंपियन

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रदीप मैगजीन ने लिखा, ‘निजी तौर पर प्रसारित होने वाले पहले टूर्नामेंट ‘हीरो कप’ में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ एकतरफा फाइनल मुकाबला जीता। इसी मैच में कुंबले ने 12 रन देकर 6 विकेट लिए और दिखाया कि उनकी सटीक गेंदबाजी और विविधताओं का सामना करना कितना मुश्किल हो सकता है। मुझे याद है कि मैच के कुछ दिन बाद मैंने कुंबले का इंटरव्यू लिया था और मैं उनकी स्पष्ट बातचीत और धाराप्रवाह भाषा से काफी प्रभावित हुआ था।’

अनिल कुंबले कभी हुआ करते थे तेज गेंदबाज

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रदीप मैगजीन ने लिखा, ‘कुंबले ने मुझे बताया कि अपनी लंबाई और शारीरिक बनावट की वजह से उन्होंने एक तेज गेंदबाज के रूप में शुरुआत की थी, लेकिन बाद में पता चला कि उनकी गेंदबाजी का एक्शन सही नहीं था और वे गेंद को चक कर रहे थे। संकट के उस दौर में उन्हें लेग-स्पिन गेंदबाजी आजमाने की सलाह दी गई। और बाकी तो इतिहास है।’ क्रिकेट और खेल जगत से जुड़े ऐसे ही किस्सों के लिए जनसत्ता के खेलनामा से जुड़े रहें। अगले अंक में हम सचिन तेंदुलकर के वनडे में ओपनर और कपिल देव के आखिरी मैच से जुड़ा किस्सा जानेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here