नई दिल्ली: भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले न्यूजीलैंड को बड़ा झटका लगा है। टीम के अनुभवी ऑलराउंडर और सीमित ओवरों के कप्तान मिचेल सैंटनर चोट के कारण टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। भारत के खिलाफ पांचवें वनडे मुकाबले के दौरान उनके दाएं हाथ में चोट लगी थी, जिसके चलते वह आगामी टेस्ट सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। जांच में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। मिचेल सैंटनर की जगह न्यूजीलैंड ने डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को टेस्ट टीम में शामिल किया है। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने अब तक अपने करियर में सिर्फ एक टेस्ट मैच खेला है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच 19 नवंबर से वेलिंगटन में खेला जाएगा।
न्यूजीलैंड क्रिकेट की ओर से जारी बयान के मुताबिक, ‘‘स्कैन से पता चला है कि मिचेल सैंटनर के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उनके शामिल होने की जानकारी सही समय पर दी जाएगी।’’ भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने के बाद न्यूजीलैंड को ऑस्ट्रेलिया में 4 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। यह सीरीज नौ दिसंबर 2026 से शुरू होगी। कीवी ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर को इस सीरीज तक फिट होने की उम्मीद है।
मिचेल सैंटनर के लिए यह चोट उनकी टेस्ट क्रिकेट की योजनाओं के लिए बड़ा झटका है। मिचेल सैंटनर ने न्यूजीलैंड के लिए खेलने पर ध्यान देने के लिए बिग बैश लीग की टीम एडिलेड स्ट्राइकर्स का आकर्षक ऑफर भी ठुकरा दिया था। मिचेल सैंटनर ने उस समय न्यूजीलैंड हेराल्ड से कहा था, ‘‘आने वाली गर्मियों में भारत के खिलाफ सफेद गेंद और टेस्ट सीरीज के अलावा ऑस्ट्रेलिया का दौरा भी होना है। मैं उन सभी मुकाबलों का हिस्सा बनना चाहता हूं। मेरे लिए इससे ज्यादा रोमांचक कुछ नहीं हो सकता।’’
डीन फॉक्सक्रॉफ्ट का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर, अब तक कैसा रहा प्रदर्शन?
28 साल के स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने मई में बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ मैच से टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने उस मैच में 98 रन बनाए थे। मिचेल सेंटनर की गैरमौजूदगी में एक स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में ग्लेन फिलिप्स की भूमिका अहम होगी। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने भारत के खिलाफ आखिरी दो वनडे मैच खेले थे।
इंडिया ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट मैचों में भी डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने शानदार प्रदर्शन किया था। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने 4 पारियों में क्रमशः 51, 42, 93 और नाबाद 10 रन बनाए थे। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने इसके अलावा न्यूजीलैंड के लिए आठ एकदिवसीय और सात टी20 इंटरनेशनल मैच भी खेले हैं। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने वनडे में 30.00 के औसत और 83.00 के स्ट्राइक रेट से 210 रन बनाए हैं। उन्होंने दो विकेट भी लिए हैं। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने टी20 इंटरनेशनल में 21.20 के औसत और 104.95 के स्ट्राइक रेट से 106 रन बनाए हैं।
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की अपडेटेड टीम
टॉम लैथम (कप्तान), टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोलस, विल यंग, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, नाथन स्मिथ, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, ब्लेयर टिकनर।


