नई दिल्ली : भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव का असर पिछले कुछ समय से क्रिकेट के मैदान पर भी नजर आया है। दोनों देशों के खिलाड़ी मैच से पहले और बाद में हाथ मिलाने से परहेज करते रहे हैं। हालांकि, फुटबॉल के मैदान पर मंगलवार को इससे अलग तस्वीर देखने को मिली। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सैफ चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में भारत से हारने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय दिया। उन्होंने खिताब जीतने वाली भारतीय टीम को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। इस खास पल का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
हार के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने भारत को दिया गार्ड ऑफ ऑनर, दिखी शानदार खेल भावना
ढाका के नेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। मुकाबला खत्म होने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी और कोच एक कतार में खड़े हो गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने मैदान से गुजर रही भारतीय टीम को गार्ड ऑफ ऑनर देकर जीत की बधाई दी। इसके अलावा पदक वितरण समारोह के दौरान भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाए और हाई-फाइव किया। पाकिस्तान का यह व्यवहार खेल भावना का खूबसूरत उदाहरण बन गया।
क्रिकेट से इतर फुटबॉल में दिखा खेल भावना का अनूठा नजारा
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले डेढ़ साल से क्रिकेट मुकाबलों में हाथ मिलाने की परंपरा टूटती नजर आई है। 2025 में पहलगाम आतंकी हमले में कई निर्दोष लोगों की जान जाने और इसके बाद ऑपरेशन सिंदूर के कारण दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा था। हालांकि, सैफ चैंपियनशिप में दोनों टीमों ने अलग रुख अपनाया। पांच नवंबर को ग्रुप मुकाबले से पहले भारतीय कोच नौशाद मूसा और डिफेंडर नाथन रोड्रिग्स ने हाथ मिलाने की परंपरा निभाने की बात कही थी। कप्तान बिजॉय वर्गीस ने पाकिस्तानी कप्तान यूसुफ इजाज बट से हाथ भी मिलाया था। भारत ने वह मुकाबला 3-2 से जीता था।
भारत ने 10वीं बार जीता सैफ चैंपियनशिप खिताब, पाकिस्तान को पहली बार फाइनल में मिली हार
फाइनल में पाकिस्तान ने पहला गोल कर भारत को चौंका दिया था। अलमगीर गाजी ने पहले हाफ के इंजरी टाइम में गोल करके टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि, 59वें मिनट में जुनैद शाह को खतरनाक टैकल के कारण वीएआर की समीक्षा के बाद रेड कार्ड दिखाया गया। एक खिलाड़ी कम होने का पाकिस्तान को नुकसान उठाना पड़ा। भारत के सुहैल अहमद भट ने 60वें मिनट में बराबरी का गोल दागा।
इसके बाद 88वें मिनट में संदीप मंडी ने निर्णायक गोल करके भारत को 2-1 से जीत दिला दी। इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड 10वीं बार सैफ चैंपियनशिप का खिताब जीता। टीम ने लगातार तीसरी बार यह ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, पाकिस्तान पहली बार इस प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचा था। भारत ने इस टूर्नामेंट में अंडर-23 कोच नौशाद मूसा के मार्गदर्शन में युवा खिलाड़ियों से सजी दूसरी श्रेणी की टीम उतारी थी।


