नई दिल्ली : संजू सैमसन की कप्तानी वाली केरल की टीम को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के तीसरे चरण के मुकाबले में आंध्र प्रदेश के खिलाफ 29 रन से हार का सामना करना पड़ा। सीजन के 3 मैचों में यह केरल की दूसरी हार रही। मुकाबले में संजू सैमसन ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन उसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। वहीं, आंध्र प्रदेश की ओर से शेख रसीद और श्रीराम वेंकट राहुल ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इस मुकाबले में आंध्र प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था और फिर 20 ओवर में 7 विकेट पर 225 रन का बड़ा स्कोर बनाया और केरल को जीत के लिए 226 रन का टारगेट दिया। इसके जवाब में केरल की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 196 रन बनाए और उसे हार मिली। श्रीराम वेंकट राहुल को उनकी शानदार अर्धशतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
संजू सैमसन अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए
आंध्र प्रदेश के खिलाफ संजू ने शानदार शुरुआत की, लेकिन वो 13 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद टीम के मध्यक्रम के बैटर अब्दुल बासित ने 35 गेंदों पर नाबाद 70 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने की कोशिश की, लेकिन वो इसमें सफल नहीं हो पाए। गोविन्द देव पाई ने 36 रन, विष्णु विनोद ने 13 रन जबकि सलमान निगार ने भी 13 रन की पारी खेली। आंध्र प्रदेश के लिए इस मैच में केवी शशिकांत और के एस नरसिम्हा राजू ने 2-2 विकेट लिए।
शेख रसीद और श्रीराम वेंकट राहुल के अर्धशतकों से आंध्र प्रदेश ने दर्ज की जीत
आंध्र प्रदेश के ओपनर शेख रसीद ने केरल के खिलाफ शानदार पारी खेली और उन्होंने 39 गेंदों पर 60 रन बनाए जबकि राहुल ने 30 गेंदों पर 64 रन की शानदार पारी खेली तो वहीं मरमरेड्डी हेमंत रेड्डी ने 16 गेंदों पर 32 रन बनाए। टीम के कप्तान रिकी भुई नहीं चल पाए और वो एक रन के स्कोर पर ही आउट हो गए। इसके अलावा अश्विन हेब्बार ने 15 गेंदों पर 37 रन की पारी खेली जबकि के एस नरसिम्हा राजू 7 गेंदों पर 20 रन बनाकर नाबाद रहे। केरल के लिए एमडी निधीश ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।


