रायपुर : बीसीसीआई द्वारा सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी 2026-27 का आयोजन 14 नवंबर 2026 से किया जा रहा है। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम ने अपना तीसरा मुकाबला 18 नवंबर 2026 को जादवपुर यूनिवर्सिटी मैदान, कोलकाता में ओडिशा के विरुद्ध खेला।
ओडिशा ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए छत्तीसगढ़ ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 228 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। छत्तीसगढ़ की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसके दोनों सलामी बल्लेबाज जल्द ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को 200 रनों के पार पहुंचाया।
छत्तीसगढ़ के कप्तान विकल्प तिवारी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 44 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने रिटायर्ड हर्ट होने से पहले 56 गेंदों में 18 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 119 रनों की शानदार पारी खेली। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में यह छत्तीसगढ़ की ओर से पहला शतक और अब तक का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। इससे पहले छत्तीसगढ़ की ओर से अनुज तिवारी ने 98 रन, हरप्रीत सिंह ने 92 रन तथा अमनदीप खरे ने 90 रनों की बड़ी पारियां खेली थीं।

विकल्प तिवारी के अलावा अजय मंडल ने 50 रन तथा देव आदित्य सिंह ने 29 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। ओडिशा की ओर से देवव्रत प्रधान ने 2 विकेट प्राप्त किए। 229 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओडिशा की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 177 रन ही बना सकी। ओडिशा की ओर से कार्तिक बिस्वाल ने 57 रन तथा शुभ्रांशु सेनापति ने 31 रन बनाए।
छत्तीसगढ़ की ओर से जयंत यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट प्राप्त किए, जबकि देव आदित्य सिंह और सौरभ मजूमदार ने 2-2 विकेट हासिल किए। इस प्रकार छत्तीसगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओडिशा को 51 रनों से पराजित कर मुकाबला अपने नाम किया। शानदार शतकीय पारी खेलने वाले कप्तान विकल्प तिवारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।


