हॉकी के महाकुंभ का आगाज, मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में सजेगा भव्य समारोह, सुखविंदर सिंह बांधेंगे समां

0

भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल आज से 28 नवंबर तक एशियाई महिला हॉकी के सबसे बड़े महाकुंभ की मेजबानी करने जा रही है, जहां नाथू बरखेड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 6 देशों के बीच खिताबी जंग होगी. 19 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में भारत, चीन, जापान, साउथ कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड हिस्सा लेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सभी टीमें राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेलेंगी, जिसके बाद शीर्ष चार टीमें 27 नवंबर को होने वाले सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

फाइनल और तीसरे स्थान के लिए मुकाबला 28 नवंबर को होगा. टूर्नामेंट के पहले दिन तीन रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जिसकी शुरुआत दोपहर 1 बजे चीन और थाईलैंड के मैच से होगी, इसके बाद दोपहर 3:15 बजे जापान और कोरिया आमने-सामने होंगे, जबकि शाम 7 बजे मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम मलेशिया के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी. चौथे खिताब पर नजर गड़ाए बैठी टीम इंडिया यदि यह ट्रॉफी जीतती है, तो वह टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम बन जाएगी.

सीएम मोहन यादव की मौजूदगी में सजेगी उद्घाटन शाम, सुखविंदर सिंह बांधेंगे समां

इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे और 22 नवंबर को केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के साथ मिलकर 900 करोड़ रुपये की लागत से बने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रथम चरण का लोकार्पण करेंगे. वहीं, उद्घाटन अवसर पर मशहूर गायक सुखविंदर सिंह की लाइव प्रस्तुति दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगी, जो अपने सुपरहिट गीतों ‘चक दे इंडिया’ और ‘जय हो’ से मैदान में जोश भरेंगे.

भारत को खेलने हैं 5 मैच

गत विजेता भारत अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के खिलाफ करने के बाद 21 नवंबर को साउथ कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान का सामना करेगी. भारत का लक्ष्य टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम बनना है. भारत इससे पहले साल 2016, 2023 और 2024 में खिताब अपने नाम कर चुका है. इसके अलावा साउथ कोरिया के नाम भी तीन खिताब हैं, जिसने साल 2010, 2011, 2018 में यह खिताब अपने नाम किया था.

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम का लक्ष्य खिताब बरकरार रखना

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है, क्योंकि पिछला एक साल भारतीय टीम के लिए शानदार रहा है और टीम ने कई अहम उपलब्धियां हासिल की हैं. भारतीय टीम हैदराबाद में हुए क्वालीफायर में फाइनल तक अपराजित रही और एफआईएच वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया. इसके बाद ऑकलैंड में हुए एफआईएच विमेंस नेशंस कप में भारत ने अपने सभी पांच मैच जीते और खिताब अपने नाम किया, जिससे उन्हें एफआईएच प्रो लीग में प्रमोशन मिल गया.

भारतीय टीम ने बेल्जियम में हुए विमेंस वर्ल्ड कप में भी अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखा और पांचवें स्थान पर रही। 1974 के बाद से टूर्नामेंट में यह भारत का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन था। इसके बाद जापान में हुए एशियन गेम्स में टीम ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की, जहां भारत ने महिला हॉकी में 44 साल के स्वर्ण पदक के सूखे को खत्म किया. अब मेजबान भारत इसी लय को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भी बरकरार रखना चाहेगा। हालांकि, उनके सामने चीन, जापान और साउथ कोरिया जैसी मजबूत टीमों की कड़ी चुनौती होगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here