नई दिल्ली : भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी रक्षिता रामराज का हांगकांग ओपन सुपर 500 में शानदार प्रदर्शन जारी है। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक चैंपियन (गोल्ड मेडलिस्ट) चेन युफेई को सीधे गेम में हरा दिया और महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। 19 साल की रक्षिता ने अपनी विरोधी चेन को 21-18, 24-22 से हरा दिया। दोनों के बीच काफी कांटे का मुकाबला हुआ, लेकिन आखिर में रक्षिता ने बाजी मार ली।
रक्षिता रामराज ने ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट को दी मात
इस मुकाबले से पहले रक्षिता रामराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया की 20वें नंबर की खिलाड़ी मिया ब्लिचफेल्ड को 21-18, 21-18 से हराकर ‘राउंड ऑफ 16’ में अपनी जगह पक्की की थी। अब शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग से होगा। इसके अलावा पुरुष युगल (मेंस डबल्स) प्रतियोगिता में भी भारत को सफलता मिली जहां सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने मलेशिया के नूर मोहम्मद अजरीन अयूब और टैन वी किओंग को सीधे गेमों में हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई।
पांचवीं वरीयता प्राप्त इस भारतीय जोड़ी ने जिन्होंने इस साल सिंगापुर और चीन में पहले ही दो सुपर 750 खिताब जीते हैं ने 42 मिनट में 21-19, 21-16 से अपने विरोधी पर शानदार जीत दर्ज की। सात्विक और चिराग का अगला मुकाबला चीन के हू के युआन और लिन जियांग यी से होगा जो जापान के काकेरू कुमागाई और हिरोकी निशी को 21-19, 21-17 से हराकर आगे बढ़े हैं। इस भारतीय जोड़ी को अपने शुरुआती दौर के मुकाबले में काफी मशक्कत करनी पड़ी। उन्हें चीनी ताइपे के ली जे-हुई और यांग पो-हसुआन को हराने के लिए तीन गेम खेलने पड़े।


