नई दिल्ली : हेनरी निकोल्स ने नाबाद 175 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन भारत ने अच्छी वापसी करके न्यूजीलैंड को पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार (20 नवंबर) को वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व में 368 रन पर आउट कर दिया। न्यूजीलैंड ने सुबह अपनी पारी पांच विकेट पर 243 रन से आगे शुरू की। निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स (118) ने छठे विकेट के लिए 216 रन की शानदार साझेदारी की। इन दोनों बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के कुल स्कोर में 293 रनों का योगदान दिया। बाकी 9 बल्लेबाज 55 रन जोड़ पाए और 20 रन अतिरिक्त से बने।
न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन सुबह के सत्र में केवल फिलिप्स का विकेट गंवाया, जिन्हें आकाशदीप ने बोल्ड किया। न्यूजीलैंड ने लंच तक छह विकेट पर 317 रन बनाए थे। दूसरे सत्र में प्रसिद्ध कृष्णा ने नाथन स्मिथ (14), आकाशदीप ने काइल जेमीसन (11) और जसप्रीत बुमराह ने मैट हेनरी (01) को पवेलियन भेजा। अंशुल कम्बोज ने जैकब डफी को आउट करके न्यूजीलैंड की पारी का अंत किया। भारत की तरफ से बुमराह ने चार और आकाशदीप ने तीन विकेट लिए। कम्बोज को 2 और प्रसिद्ध कृष्णा को एक विकेट मिला।
70/5 से 368 तक पहुंचा न्यूजीलैंड, निकोल्स-फिलिप्स ने पलटी बाजी
पहले दिन टॉम लैथम 0, डेवोन कॉनवे 4, रचिन रविंद्र 15, डेरिल मिचेल 1 और टॉम ब्लंडेल 5 रन बनाकर आउट हुए थे। फिलिप्स जब निकोल्स का साथ देने क्रीज पर आए तब न्यूजीलैंड का स्कोर 28.2 ओवर में 5 विकेट पर 70 रन था। इसके बाद छठे विकेट के लिए दोनों के बीच 394 गेंद पर 216 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद निकोल्स ने स्मिथ के साथ 32, जेमीसन के साथ 25, निकोल्स, म हेनरी के साथ 5 और डफी के साथ 20 रनों की साझेदारी की।


