- मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केन्द्रीय मंत्री उइके ने किया नाथू बरखेड़ा में स्पोर्टस कॉम्पलेक्स के प्रथम चरण का लोकार्पण
- अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेल परिसर से बढ़ा खिलाड़ियों का उत्साह : मंत्री सारंग
भोपाल : रविवार, नवम्बर 22, 2026, 22:03 IST मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज का दिवस भोपाल और मध्यप्रदेश के खेल इतिहास का स्वर्णिम दिवस है। यह खेल क्षेत्र में एक स्वर्णिम अध्याय भी है। भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण का लोकार्पण एक बड़ी उपलब्धि है। यह काम्प्लेक्स खेलों और खिलाड़ियों के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण उपहार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अन्य क्षेत्रों के साथ खेल क्षेत्र के विकास के लिए विशेष प्रयास किए हैं। हमारे युवा खेलों में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन में सफल हुए हैं। खेल क्षेत्र में भारत की कीर्ति पताका लहरा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल के खेल ग्राम नाथूबरखेड़ा में लगभग एक हजार करोड़ रुपए की लागत से निर्मित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स (प्रथम चरण) का लोकार्पण कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उपस्थित खेल प्रेमियों से अपने मोबाइल फोन की टार्च जलवाकर लोकार्पण की रस्म में सहभागी होने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रख्यात गायक सुखविंदर सिंह और अन्य कलाकारों का कार्यक्रम में प्रस्तुति के लिए पधारने के लिए अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियन गेम्स 2026 में मध्यप्रदेश के पदक विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि का वितरण किया। कार्यक्रम की गतिविधियों में मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा खेल गांव का अवलोकन, मध्यप्रदेश में खेलों के विकास उपलब्धियों, खेल अकादमियों एवं अधोसंरचना, खेलो इंडिया पर आधारित विशेष वीडियो फिल्म का प्रदर्शन, भारत, चीन, साउथ कोरिया, जापान, मलेशिया, थाईलैंड की टीमों ने मार्चपास्ट किया। प्रसिद्ध गायक श्री सुखविंदर सिंह द्वारा गायन भी शामिल रहा।
केंद्रीय जनजाति कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि भारत दुनिया का सर्वाधिक युवा राष्ट्र है और मध्यप्रदेश में 28 प्रतिशत युवा रहते हैं। केंद्रीय मंत्री उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल प्रेरक नेतृत्व में भारत स्वर्णिम राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश खेल सहित हर क्षेत्र में विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने समस्त अतिथियों का स्वागत किया। सारंग ने कहा कि आज मध्यप्रदेश खेलों की प्रगति में अलग स्थान बना रहा है। इस अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेल कॉम्प्लेक्स से खिलाड़ी उत्साहित हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के मंतव्य को पूर्ण करने खेलों के विकास ने पूरा सहयोग दिया है। उनकी हौसला अफजाई के कारण यह स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनकर तेजी से बनकर तैयार हुआ। आगामी चरण भी क्रियान्वित हो रहे हैं।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री मोदी ने खेलो को प्रोत्साहित किया है। राजाभोज की नगरी भोपाल में उनका सपना साकार होता दिख रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को हम हृदय से धन्यवाद और बधाई देते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पहले भोपाल को संस्कृति की राजधानी बनाया, उद्योग की राजधानी बनाया और आज इस कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन कर भोपाल को खेलों की राजधानी बना दिया है। यह हमारे लिए हमारे भोपाल के लिए बहुत बड़े गौरव की बात है। बरखेड़ा नाथू की धरती पर हमारे किसान अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे थे लेकिन जब सरकार ने आग्रह किया कि एक ऐसा स्टेडियम बनाना चाहते हैं यहां पर भारत के बेटा बेटी अपने देश का तिरंगा दुनिया में फहराएंगे,तो उन किसानों ने ससम्मान यह जमीन खाली कर दी। उन्होंने धरना या विरोध किए बिना सहर्ष भूमि खाली कर खेलों के विकास में योगदान दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में हम लगातार प्रगति कर रहे हैं।
विधायक भगवान दास सबनानी ने कहा कि मध्यप्रदेश को जो सौगात मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी हैं वे ऐतिहासिक हैं। निश्चित रूप से मध्यप्रदेश पहले ऐसा था कि खिलाड़ी सुविधाओं के लिए तरसते थे। अब ऐसी सुविधा हो गई है कि खिलाड़ियों को तराशने का अवसर मध्यप्रदेश को दिया है। आज यह स्टेडियम हॉकी के साथ अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट के साथ भोपाल में आरंभ हुआ है। निश्चित रूप से भोपाल से मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों का भविष्य जुड़ा है। कार्यक्रम में अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, आनंद विभाग राज्य मंत्री लखन पटेल, महासचिव हॉकी इंडिया भोलानाथ सिहं, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा, पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, महापौर भोपाल श्रीमती मालती राय, विधायक विष्णु खत्री, पूर्व सांसद आलोक संजर, संचालक खेल और युवा कल्याण चंचल शेखर और सचिव खेल और युवा कल्याण संजीव सिंह उपस्थित थे।


