भारत की जीत की राह में दीवार बने मिचेल और फिलिप्स, न्यूजीलैंड ने बचाया मुकाबला

0

नई दिल्ली : डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने 43 ओवर तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया जिससे भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट क्रिकेट मैच सोमवार (23 नवंबर) को ड्रॉ पर समाप्त हुआ। भारत ने न्यूजीलैंड के 368 रन के जवाब में अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 720 रन पर समाप्त घोषित करके 352 रन की बढ़त हासिल की थी। न्यूजीलैंड के सामने मैच ड्रॉ कराने की कड़ी चुनौती थी। पिच खेल के पांचवें और अंतिम दिन भी बल्लेबाजी के लिए अनुकूल बनी रही जिससे न्यूजीलैंड मैच ड्रॉ करने में सफल रहा। न्यूजीलैंड ने जब अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट पर 239 रन बनाए थे तब दोनों कप्तान मैच ड्रॉ करने पर सहमत हो गए।

डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने टेस्ट क्रिकेट में बनाया खास रिकॉर्ड

मिचेल 49 और फिलिप्स 26 रन बनाकर नाबाद रहे। इन दोनों ने छठे विकेट के लिए 43 ओवर बल्लेबाजी करके 63 रन की अटूट साझेदारी की। 21वीं सदी में न्यूजीलैंड के लिए किसी ड्रॉ टेस्ट की तीसरी पारी में छठे या उससे नीचे के विकेट के लिए ओवरों के लिहाज से यह दूसरी सबसे लंबी साझेदारी है।

साझेदारी के रिकॉर्ड में मैकुलम और वाटलिंग की जोड़ी सबसे आगे

इस सूची में पहले स्थान पर ब्रेंडन मैकुलम और बीजे वाटलिंग की साझेदारी है। दोनों ने 2014 में इसी मैदान पर भारत के खिलाफ 352 रन जोड़े थे। इस दौरान उन्होंने 123 ओवर तक बल्लेबाजी की थी। टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड के लिए छठे या उससे नीचे के विकेट की यह अब तक की सबसे लंबी साझेदारी भी है।

गेंदबाजों के लिए मददगार साबित नहीं हुई पिच, बल्लेबाजों का रहा दबदबा

दिन भर तेज हवा चल रही थी और आसमान में कुछ बादल भी थे, लेकिन पिच में ऐसी कोई खामी नहीं थी जिससे बेहद रक्षात्मक रवैया अपनाने वाले बल्लेबाजों को किसी तरह की परेशानी हो। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज गेंद की सीधी रेखा में खेल सकते थे और असमान उछाल की चिंता किए बिना बचाव कर सकते थे। सीमित ओवरों के धाकड़ बल्लेबाज मिचेल और फिलिप्स ने दिखाया कि वह जरूरत पड़ने पर बेहद रक्षात्मक बल्लेबाजी भी कर सकते हैं।

75 ओवर तक चला संघर्ष, सिर्फ 120 रन बना पाई टीम

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने गेंदबाजी में लगातार बदलाव किए, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं मिला। न्यूजीलैंड के रक्षात्मक रवैए का अंदाजा इससे ही लग सकता है कि उसने अंतिम दिन 75 ओवर का सामना किया और केवल 120 रन बनाए। वाशिंगटन सुंदर (34 ओवर में 64 रन देकर एक विकेट) ने कुछ अवसरों पर बल्लेबाजों को परेशान किया लेकिन अन्य भारतीय गेंदबाज उन पर खास दबाव नहीं बना पाए।

कॉनवे और रविंद्र ने 72 रन की साझेदारी

न्यूजीलैंड ने सुबह दो विकेट पर 119 रन से आगे खेलना शुरू किया। उसने पहले सत्र में पिछले दिन के अविजित बल्लेबाज डेवोन कॉनवे (165 गेंदों पर 65 रन) और रचिन रविंद्र (129 गेंदों पर 37 रन) के विकेट गंवाए। कॉनवे और रविंद्र ने जसप्रीत बुमराह (20 ओवर में 42 रन देकर एक विकेट) और अंशुल कंबोज (22 ओवर में 45 रन देकर एक विकेट) का अच्छी तरह से सामना किया और तीसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़े। ऐस में वाशिंगटन ने कॉनवे को आगे बढ़कर खेलने के लिए मजबूर किया, लेकिन गेंद ने उम्मीद से थोड़ा अधिक उछाल लिया जो उनके बल्ले और पैड से लगकर ऋषभ पंत के दस्तानों में चली गई जिन्होंने आगे डाइव लगाकर शानदार कैच लिया।

प्रसिद्ध कृष्णा ने झटके 2 विकेट

पहली पारी में खराब लेंथ के कारण आलोचना झेलने वाले प्रसिद्ध कृष्णा (19 ओवर में 23 रन देकर दो विकेट) ने दूसरी पारी में अच्छी लेंथ से गेंदबाजी की। उनकी चौथे स्टंप की लाइन पर की गई एक गेंद रविंद्र के बल्ले का किनारा लेकर दूसरी स्लिप में खड़े केएल राहुल के सुरक्षित हाथों में चली गई।

दूसरे सत्र में भारत को मिली सफलता, टॉम ब्लंडेल लौटे पवेलियन

न्यूजीलैंड ने दूसरे सत्र में टॉम ब्लंडेल (54 गेंदों पर 15 रन) के रूप में एकमात्र विकेट गंवाया, जिन्होंने कंबोज की गेंद पर पंत को कैच दिया। जैसे ही मिचेल और फिलिप्स ने भारतीय खिलाड़ियों के साथ हाथ मिलाया, न्यूजीलैंड की टीम ने राहत की सांस ली। दोनों टीम के बीच दूसरा और अंतिम टेस्ट मैच 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here