भोपाल : राजधानी के खेल कमेंटेटर दामोदर प्रसाद आर्य मध्य प्रदेश विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता के अंतर्गत 24 नवंबर को भारत और चीन के बीच खेले जाने वाले मुकाबले का आकाशवाणी से आंखों देखा हाल सुनाएंगे। यह मुकाबला शाम 7 बजे भोपाल के बरखेड़ा नाथू स्थित नवनिर्मित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा।
इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का प्रसारण आकाशवाणी के विभिन्न केंद्रों से किया जाएगा। खेलप्रेमी प्रसार भारती के NewsOnAir ऐप के माध्यम से भी मैच की लाइव रेडियो कमेंट्री सुन सकेंगे।
दामोदर प्रसाद आर्य मध्य प्रदेश शासन के संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास में कार्यरत हैं। उन्हें रेडियो और टेलीविजन पर विभिन्न खेलों की कमेंट्री करने का लगभग तीन दशक का अनुभव है। अपने लंबे कमेंट्री करियर में उन्होंने खेलों के ओलिंपिक, वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, टेस्ट मैच जैसे अनेक महत्वपूर्ण मुकाबलों का आंखों देखा हाल श्रोताओं और दर्शकों तक पहुंचाया है।


