भुवनेश्वर पर बल्लेबाजों का कहर, बंगाल ने यूपी को हराकर दर्ज की शानदार जीत

0

नई दिल्ली : सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के एलीट ग्रुप ए के मैच में बंगाल ने उत्तर प्रदेश को 93 रनों से मात दी। बारिश के कारण यह मैच 15-15 ओवर का ही हुआ। पहले खेलते हुए बंगाल ने अभिषेक पोरेल 69 और करण लाल नाबाद 82 रन की बदौलत 15 ओवर में ही 3 विकेट पर 201 रन ठोक दिए। अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की जमकर पिटाई हुई और 3 ओवर में उन्होंने 55 रन लुटा दिए।

202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए यूपी की टीम 15 ओवर में 7 विकेट पर सिर्फ 108 रन ही बना पाई और 93 रन से मैच हार गई। भुवनेश्वर कुमार गेंद से महंगे रहे लेकिन अंत में अपनी टीम के लिए उन्होंने बल्ले से योगदान देते हुए 21 गेंद पर नाबाद रहते हुए 25 रन बनाए। यूपी का कोई भी खिलाड़ी 30 रन तक का आंकड़ा नहीं छू पाया। बंगाल की तरफ से शानदार गेंदबाजी देखने को मिली।

बंगाल ने दर्ज की चौथी जीत, यूपी को मिली लगातार तीसरी हार

बंगाल के लिए प्रदिप्त परमाणिक ने 3 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट झटके। अखिलेश यादव को भी दो सफलताएं मिलीं और उन्होंने 3 ओवर में 27 रन दिए। मुकेश कुमार और सयन घोष को 1-1 सफलता मिली। मोहम्मद शमी ने तीन ओवर में 23 रन दिए और उन्हें एक भी सफलता नहीं मिल पाई। बंगाल की छठे मैच में यह चौथी जीत थी। जबकि यूपी को छठे मैच में तीसरी हार का सामना करना पड़ा।

एलीट ग्रुप ए में इस मैच के बाद 16 अंकों के साथ बंगाल दूसरे स्थान पर था। वहीं तीन जीत और तीन हार के साथ 12 अंक लेकर यूपी की टीम चौथे स्थान पर थी। इस ग्रुप में इस मैच के बाद तक बड़ौदा पांच मैचों में चार जीत के बाद 16 अंक लेकर टॉप पर बनी थी। इस ग्रुप में मिजोरम की टीम अब तक सभी पांचों मैच हारकर आखिरी स्थान पर थी। एलीट ग्रुप ए के तीन अन्य मैच 24 नवंबर (मंगलवार) को होने हैं। झारखंड का सामना बड़ौदा से, राजस्थान का सामना कर्नाटक से और चंडीगढ़ का सामना मिजोरम से जारी है। इन तीनों मैचों के बाद अंकतालिका में बदलाव संभव है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here