अरशद ने झटके 4 विकेट, हरप्रीत के शतक के दम पर यूएई ने भारत ए को दिया 250 रन का लक्ष्य

0

नई दिल्ली : एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के तीसरे मुकाबले में यूएई के खिलाफ भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। अरशद खान के अलावा कोई भी गेंदबाज खास प्रभावित नहीं कर पाया। उन्होंने 4 विकेट झटके। पाकिस्तान के खिलाफ 313 रन देने के बाद दोहा यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेकनोलॉजी में टॉस हारकर भारतीय गेंदबाजों ने यूएई को पहली पारी में 8 विकेट लेकर 249 रन पर रोका। इंडिया ए को अब सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए 250 रनों का लक्ष्य मिला। यूएई के लिए भारतीय मूल के खिलाड़ी हरप्रीत सिंह भाटिया ने सर्वाधिक 130 रनों की शतकीय पारी खेली।

इंडिया ए, इंडिया अंडर 19, इंडिया रेड के लिए पहले खेल चुके पंजाब किंग्स के पूर्व खिलाड़ी हरप्रीत ने एक छोर से यूएई की पारी को संभाले रखा। उन्होंने 144 गेंदों का सामना किया और अपनी पारी में 12 चौके और 4 छक्के लगाए। मोहम्मद शहदाद 28 और एथान डीसूजा 25 ने कुछ हद तक उनका साथ दिया लेकिन पारी को लंबा नहीं ले जा सके। अंत में कप्तान बासिल हमीद ने हरप्रीत का साथ निभाया और छठे विकेट के लिए दोनों ने 66 रन जोड़े। बासिल ने नाबाद रहते हुए 35 गेंद पर 34 रनों की पारी खेली।

भारत के लिए गेंदबाजी में प्रिंस यादव की जगह प्लेइंग 11 में शामिल हुए अरशद खान ने अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने 10 ओवर में 43 रन देते हुए सर्वाधिक 4 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा इस मैच में प्लेइंग 11 में शामिल हुए हर्ष दुबे ने भी अच्छी गेंदबाजी की और 7 ओवर में 28 रन देते हुए एक विकेट लिया। शाहबाज अहमद ने भी 23 रन देकर एक विकेट झटका। इसके अलावा हर्षित राणा ने 10 ओवर का स्पेल पूरा करते हुए 63 रन दिए और एक विकेट लिया। सूर्यांश शेडगे ने 10 ओवर में 48 रन दिए और एक विकेट उन्हें भी मिला।

भारत ए की जीत में वैभव सूर्यवंशी की भूमिका पर रहेंगी सबकी नजरें

वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन अब तक इस टूर्नामेंट में खास नहीं रहा है। इस मुकाबले में भारतीय टीम की नजरें सेमीफाइनल के टिकट पर हैं तो उन पर सभी की नजरें टिकी होंगी। इसके अलावा उपकप्तान रिंकू सिंह का भी बल्ला अब तक नहीं चला है। रिंकू से भी इस मुकाबले में कुछ रनों की उम्मीद होगी। आयुष बडोनी की जगह टीम में आए प्रभसिमरन सिंह पर भी सभी की निगाहें होंगी।

इस मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11

इंडिया ए: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र, रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज़ अहमद, हर्ष दुबे, हर्षित राणा, अरशद खान।

यूएई: अर्यांश शर्मा, अंश टंडन, हरप्रीत सिंह भाटिया, मुहम्मद शाहदाद, एम आफताब आलम (विकेटकीपर), बासिल हमीद (कप्तान), एथन डिसूजा, उदीश सूरी, इबरार अहमद, सिमरनजीत सिंह, जाहिद अली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here