नई दिल्ली : मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश ने फिडे विश्व शतरंज चैंपियनशिप में अपने खिताब की रक्षा के अभियान का आगाज ड्रॉ के साथ किया। मंगलवार देर रात खेले गए पहले मुकाबले में भारतीय ग्रैंडमास्टर को उज्बेकिस्तान के चुनौतीकर्ता जावोखिर सिंदारोव ने बराबरी पर रोक दिया। काले मोहरों से खेल रहे डी गुकेश ने शुरुआती दबाव के बावजूद बर्लिन डिफेंस की रणनीति अपनाकर मुकाबले में वापसी की।
डी गुकेश ने समय कम होने के बावजूद सटीक चालें चलीं और जावोखिर सिंदारोव को जीत का मौका नहीं दिया। दिलचस्प बात यह रही कि दोनों खिलाड़ियों ने ड्रॉ पर सहमति जताने से पहले एक ही पोजीशन को पांच बार दोहराया। अब दूसरे गेम में डी गुकेश सफेद मोहरों के साथ उतरेंगे। मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों खिलाड़ियों के बीच रणनीतिक चालों का खेल देखने को मिला। डी गुकेश ने रुई लोपेज ओपनिंग के जवाब में काले मोहरों से अप्रत्याशित रूप से बर्लिन डिफेंस अपनाया।
शुरुआती चालों में भारतीय खिलाड़ी थोड़े दबाव में नजर आए, लेकिन उन्होंने कुछ अच्छी चालें चलकर बिना वजीर वाली स्थिति में अपनी पकड़ बनाए रखी। एक समय सिंदारोव की स्थिति थोड़ी बेहतर थी। सिंदारोव के मोहरे बेहतर जगह पर थे। प्यादों की स्थिति भी गुकेश के मुकाबले कुछ अच्छी थी।
इसके बाद सिंदारोव ने एक प्यादे की कुर्बानी देकर मुकाबले को थोड़ा मुश्किल बनाने की कोशिश की। हालांकि, समय लगातार कम होने के बावजूद डी गुकेश ने हर चाल का सही जवाब दिया। एक समय ऐसा भी लगा कि भारतीय खिलाड़ी मुकाबले में बढ़त बना सकते हैं, लेकिन सिंदारोव ने स्थिति को संभाल लिया और समय रहते उसी पोजीशन को दोहरा दिया। दिलचस्प यह रहा कि ड्रॉ पर सहमति बनने से पहले दोनों खिलाड़ियों ने एक ही पोजीशन को पांच बार दोहराया। आमतौर पर शतरंज में किसी पोजीशन को लगातार तीन बार दोहराए जाने पर खिलाड़ी ड्रॉ का दावा कर सकते हैं।
पहला मुकाबला ड्रॉ रहने के बाद अब दूसरे गेम का इंतजार बढ़ गया है। भारतीय प्रशंसकों की नजरें इस मुकाबले पर होंगी, क्योंकि इसमें डी गुकेश पहली बार सफेद मोहरों से खेलेंगे। पहले गेम में बर्लिन डिफेंस अपनाने के बावजूद डी गुकेश ने आसानी से ड्रॉ हासिल किया। दिलचस्प बात यह है कि गुकेश ने अपने करियर में अब तक सिर्फ चौथी बार इस ओपनिंग का इस्तेमाल किया। इससे पहले खेले गए तीनों मुकाबले भी ड्रॉ रहे थे।
14 बाजियों में तय होगा विश्व चैंपियन का ताज, हर गेम पर रहेंगी निगाहें
विश्व चैंपियनशिप में कुल 14 गेम खेले जाएंगे। जो खिलाड़ी पहले 7.5 अंक हासिल करेगा, उसे विजेता घोषित किया जाएगा। यदि 14 गेम के बाद दोनों खिलाड़ियों के अंक बराबर रहते हैं तो विजेता का फैसला करने के लिए कम समय वाले टाईब्रेकर मुकाबले खेले जाएंगे। इस चैंपियनशिप में पहले 40 चालों के लिए दोनों खिलाड़ियों को 120-120 मिनट का समय मिलेगा। 41वीं चाल से खेल खत्म होने तक हर चाल के बाद उनके समय में 30 सेकंड जुड़ते रहेंगे।
40 चालें पूरी होने के बाद ही ड्रॉ की पेशकश कर सकेंगे खिलाड़ी
इस मुकाबले में आपसी सहमति से जल्दी ड्रॉ करने की अनुमति नहीं है। इसके लिए कम से कम 40 चालें खेलना जरूरी है। हालांकि, यदि कोई पोजीशन लगातार तीन बार दोहराई जाती है या मुकाबला स्टेलमेट (जब किसी खिलाड़ी के पास चलने के लिए कोई वैध चाल नहीं बचती और उसका राजा शह में भी नहीं होता) की स्थिति में पहुंचता है तो ड्रॉ हो सकता है।
22 करोड़ रुपये की है कुल प्राइज मनी
विश्व चैंपियनशिप की कुल इनामी राशि 25 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 22 करोड़ रुपये) है। हर जीत पर 2 लाख डॉलर (करीब 1.8 करोड़ रुपये) मिलेंगे, जबकि बाकी इनामी राशि दोनों खिलाड़ियों के बीच बराबर बांटी जाएगी। यदि मुकाबला टाईब्रेकर तक पहुंचता है तो कम समय वाले गेम में जीतने वाले खिलाड़ी को 13 लाख डॉलर और उपविजेता को 12 लाख डॉलर मिलेंगे।


