नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2027 (IPL 2027) की नीलामी 16 दिसंबर 2026 को गोवा में आयोजित होगी। 1220 खिलाड़ियों ने इसके लिए रजिस्टर किया है। इसमें 798 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी भी शामिल हैं। इसमें से 127 ऐसे अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी हैं जो पिछले आईपीएल सीजन का हिस्सा रहे हैं और 69 अनकैप्ड इंटरनेशनल खिलाड़ी हैं। इसमें एक नाम वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग का भी है, जिन पर आगामी ऑक्शन में सभी की नजरें होंगी।
आर्यवीर सहवाग का आगामी ऑक्शन के लिए बेस प्राइस 30 लाख रुपये है। जूनियर सहवाग ने हाल ही में अंडर 19 भारतीय टीम के लिए एशिया कप में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। ओपनिंग करते हुए उनका क्लास और बल्लेबाजी का तूफानी अंदाज सुर्खियों में रहा था। वहीं अंडर 19 एशिया कप फाइनल के हीरो मोहित उल्वा का नाम भी आगामी ऑक्शन के रजिस्टर्ज खिलाड़ियों की सूची में मौजूद है। उनके ऊपर भी सभी की नजरें होंगी। वह गेंदबाजी के साथ निचले क्रम पर बल्लेबाजी में भी जौहर दिखा सकते हैं।
राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय ने आईपीएल नीलामी से बनाई दूरी
एक तरफ वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर की चर्चा उनके प्रदर्शन के कारण जोरों पर है। वहीं राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ अपने प्रदर्शन से खासा प्रभावित नहीं कर पाए। उन्होंने आगामी आईपीएल ऑक्शन के लिए भी नहीं रजिस्टर किया है। जबकि अंडर 19 भारतीय वनडे टीम के कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी का नाम भी पंजीकृत खिलाड़ियों की सूची में मौजूद नहीं है। ऑक्शन में आर्यवीर और मोहित के साथ अंडर 19 टीम के काव्य पटेल भी मौजूद रहेंगे। सभी अंडर 19 खिलाड़ियों का बेस प्राइस 30 लाख रुपये ही रखा गया है।
आईपीएल 2027 नीलामी की सूची से मुस्तफिजुर रहमान भी गायब
पिछले आईपीएल सीजन बांग्लादेश के साथ राजनीतिक तनाव के चलते कोलकाता नाइट राइडर्स फ्रेंचाइजी और बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान का नाम लगातार सुर्खियों में था। आगामी ऑक्शन के लिए खबरें थीं कि मुस्तफिजुर रजिस्टर कर सकते हैं, मगर उनका नाम पंजीकृत खिलाड़ियों की सूची में नहीं है। उनके अलावा बांग्लादेश के हसन महमूद, परवेज होसैन एमोन, रिपोन मोंडोल, रिहाद होसैन, सैफ हसन, शेक मेहदी हसन, शमीम होसैन, शोरिफुल इस्लाम, तंजिम हसन साकिब, तौहीद हृदोय, एमडी रुबेल और तस्किन अहमद ने आगामी ऑक्शन के लिए अपना नाम रजिस्टर करवाया है।


