भोपाल: भोपाल में आयोजित विमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 में मलेशिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। बुधवार, 25 नवंबर को खेले गए मुकाबले में मलेशियाई टीम ने थाईलैंड को 4-0 से करारी शिकस्त दी। लीग चरण में मलेशिया का यह आखिरी मुकाबला था। इस जीत के साथ टीम ने टूर्नामेंट के अंतिम-4 में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।
7 अंक के साथ मलेशिया ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
थाईलैंड के खिलाफ जीत के बाद मलेशिया के कुल 7 अंक हो गए हैं। इसके साथ ही वह टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गई है। इससे पहले भारत और जापान की टीमें अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं।
आखिरी 6 मिनट में मलेशिया का धमाका, दागे चार गोल
मलेशिया और थाईलैंड मुकाबला 54 मिनट तक गोल रहित बराबरी पर था। 55वें मिनट में मलेशिया की जुल्कीफ्लि नुरामिराह ने टीम के लिए पहला गोल दागा। इसके बाद अजहर नूर ने 56वें और 60वें मिनट में गोल किए। इसी बीच 60वें मिनट में जुल्कीफ्लि नुरामिराह ने अपना दूसरा स्कोर किया। इस तरह मलेशिया ने थाईलैंड के खिलाफ मैच के अंतिम 6 मिनट में चार गोल दागकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
चीन और कोरिया के मुकाबले से तय होगी चौथी सेमीफाइनलिस्ट टीम
सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम का फैसला चीन और कोरिया के बीच होने वाले मुकाबले से होगा। इस मैच के नतीजे पर अंतिम चार की तस्वीर साफ होगी। अब सभी की नजरें इस मुकाबले पर टिकी हैं।



