भोपाल: भारतीय महिला हॉकी टीम का विमंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में विजय अभियान जारी है। टीम इंडिया ने भोपाल में जापान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में जीत दर्ज की। भारतीय टीम का ये टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत है। सलीमा टेटे की कप्तानी वाली टीम ने अपने सामने किसी को भी टिकने नहीं दिया है। उन्होंने अपने पिछले मैच में चीन को 6-2 से रौंदा था। अब टीम इंडिया ने जापान को 4-0 से हराया है।
भारत के लिए इस टूर्नामेंट में दीपिका शानदार फॉर्म में चल रही हैं। उन्होंने अब तक टूर्नामेंट में कुल आठ गोल दागे हैं। पिछले दो मैचों में उन्होंने गोल की हैट्रिक लगाई थी और जापान के खिलाफ उन्होंने गोल दागा। अब टीम इंडिया अजेय रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंचेगी, जहां जीत दर्ज कर भारतीय टीम फाइनल में अपनी जगह पक्की करना चाहेगी।
शुरुआती हाफ में भारत ने दिखाया दमखम
भारत के खिलाफ मुकाबले में जापान की टीम ने शानदार खेल दिखाया। उनके डिफेंडरों ने भारतीय महिला हॉकी टीम को 11 मिनट तक कोई गोल नहीं करने दिया। हालांकि, खेल के 12वें मिनट में लालरेम्सियामी ने पहला गोल दागा और टीम इंडिया को 1-0 से बढ़त दिला दी। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में दीपिका ने शानदार खेल दिखाते हुए एक और गोल दाग दिया। दीपिका इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में चल रही हैं और पिछले दो मैचों में छह गोल कर चुकी हैं। दीपिका ने 16वें मिनट में गोल दागा और भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया।
दीपिका का जलवा बरकरार, मैदान पर किया कमाल
तीसरे क्वार्टर में ज्योति सिंह को ग्रीन कार्ड मिला, जिसकी वजह से उन्हें दो मिनट तक उन्हें मैदान से बाहर रहना पड़ा। इसके बाद भारत को तीसरे क्वार्टर में लगातार पांच पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन टीम इंडिया इसका फायदा नहीं उठा सकी। जापान के खिलाड़ियों ने अच्छा डिफेंड दिखाया और भारत को गोल नहीं करने दिया।
भारतीय टीम ने दर्ज की शानदार जीत
तीसरा क्वार्टर गोलरहित रहने के बाद टीम इंडिया के लिए दीपिका ने एक बार फिर अपनी स्टिक का जादू दिखाया। उन्होंने खेल के 48वें मिनट में गोल दागा और भारतीय टीम की बढ़त को 4-0 कर दिया।


