नई दिल्ली : इंडिया ए टीम के ओपनर बैटर अभिषेक शर्मा ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ शानदार पारी खेली, लेकिन वो अपना शतक पूरा करने के चूक गए। हालांकि अभिषेक ने इस मैच में पहले और दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी करते हुए टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अभिषेक ने इस टूर्नामेंट के चौथे मैच में अपना दूसरा अर्धशतक लगाया।
अभिषेक शर्मा ने 37 गेंदों पर जड़ा शानदार अर्धशतक
अभिषेक शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ 37 गेंदों पर अपना अर्धशतक चौके के साथ पूरा किया। उन्होंने इस मैच में भारत के लिए 63 गेंदों पर 78 रन की पारी खेली और इस दौरान एक छक्का और 11 चौके भी अपनी पारी में लगाए और उनका स्ट्राइक रेट इस दौरान 123.81 का रहा। अभिषेक ने इस मैच में पहले विकेट के लिए वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर 48 गेंदों पर 80 रन जबकि दूसरे विकेट के लिए कप्तान तिलक वर्मा के साथ मिलकर 83 गेंदों पर 79 रन की साझेदारी की।
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में अभिषेक शर्मा ने भारत के लिए अब तक कुल 4 मैच खेले हैं और इन मैचों में उन्होंने 123 गेंदों का सामना करते हुए 169 रन बनाए हैं जिसमें दो अर्धशतक भी शामिल हैं। उन्होंने 42.25 की औसत और 137.39 की स्ट्राइक रेट से ये रन बनाए हैं और उनका बेस्ट स्कोर इस टूर्नामेंट में अब तक का 78 रन रहा है। अभिषेक ने अब तक इन 4 मैचों में 18 चौके और 9 छक्के भी लगाए हैं। अभिषेक ने इस सीजन में पहले लीग मैच में नेपाल के खिलाफ 9 रन, पाकिस्तान के खिलाफ 70 रन जबकि यूएई के खिलाफ 12 रन की पारी खेली थी। वहीं चौथे मैच में श्रीलंका के खिलाफ लगाया उनका अर्धशतक उनके लिस्ट ए क्रिकेट करियर का 10वां अर्धशतक रहा।


