- मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भारतीय हॉकी टीम को एक करोड़ देने की घोषणा की
भोपाल(Nst News): रोम-रोम में रोमांच का अनुभव हो रहा है। हमारी बेटियों ने शानदार मैच खेला है। इन्होंने वास्तव में अद्भुत खेल का प्रदर्शन किया है। ऐसा लग रहा है मानो हमारा वह स्वर्णिम युग फिर से लौट आया हो। वही आनंद, वही उत्साह और वही रोमांच एक बार फिर देखने को मिला है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर मैं अपनी ओर से भारतीय टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को ₹5-₹5 लाख अर्थात् पूरी टीम को ₹1 करोड़ की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा करता हूं, ताकि हमारी बेटियां इसी उत्साह और आत्मविश्वास के साथ आगे भी खेलती रहें, देश का नाम रोशन करें और नई ऊंचाइयां प्राप्त करें।
इसके साथ ही, मैं टीम के प्रत्येक सहयोगी स्टाफ सदस्य को ढाई-ढाई लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा करता हूं। मुझे उम्मीद है कि यहां विश्व हॉकी संघ के अध्यक्ष माननीय तैयब इकराम भी उपस्थित हैं।
मैं आपका मध्यप्रदेश की ओर से एक बार फिर हार्दिक स्वागत करता हूं और आपसे एक विशेष अनुरोध करना चाहता हूं। आप हमें जनवरी-फरवरी में होने वाले विश्व हॉकी कप के आयोजन का अवसर भी प्रदान करें। मध्यप्रदेश इसकी मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है।
आप हमें जो भी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित करने का अवसर देंगे, हम उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं के आधार पर उससे भी बेहतर आयोजन करने का भरपूर प्रयास करेंगे। खेल की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि यह प्रेम, विश्वास, भाईचारे और सद्भावना का संदेश देता है। खेल हम सभी को मानवता के सूत्र में बांधता है और एक-दूसरे के प्रति आत्मीयता एवं सम्मान की भावना विकसित करता है।
यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में आज खेल के हर क्षेत्र में, प्रत्येक प्रतियोगिता और प्रत्येक टूर्नामेंट में भारत नई ऊंचाइयां छू रहा है। चाहे ओलंपिक हो, कॉमनवेल्थ गेम्स हों या एशियाई खेल, हर मंच पर भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन एक नए स्वर्णिम युग की शुरुआत का संकेत दे रहा है।
मैं भारत, एशिया और विश्व के सभी खेल संगठनों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। इस शानदार आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को हॉकी इंडिया के महासचिव श्री भोलानाथ सिंह ने महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के सफल आयोजन की मेजबानी के लिए होस्टिंग सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया।


