नई दिल्ली: इंदौर में चल रहे भारत और बांग्लादेश (India vs Bangladesh) के बीच पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया अब बड़ा स्कोर लगाने के इरादे से खेल रही है. पहले भारतीय गेंदबाजों ने बांग्लादेश को केवल 150 के स्कोर पर समेट दिया और उसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने एक विकेट खोकर 86 रन बना लिए थे. पहले दिन रोहित शर्मा के आउट होने के बाद चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) ने तेजी से बल्लेबाजी की और दूसरे दिन के दूसरे ओवर में ही अपनी फिफ्टी पूरी कर ली.
मिजाज के खिलाफ तेज बैटिंग की पुजारा ने
आम तौर पर पुजारा अपने बैटिंग में रन बनाने के लिए पर्याप्त समय लेते हैं, उन पर कई बार धीमी बल्लेबाजी का आरोप भी लगा है. लेकिन इस बार पुजारा ने अपने मिजाज के खिलाफ बल्लेबाजी की. पहले रोहित के आउट होने के बाद जब वे आए तो रन तेजी से बनाए और मयंक अग्रवाल से भी आगे निकल गए. पहले दिन का खेल खत्म होने तक मंयक जहां केवल 37 रन बना सके वहीं पुजारा 43 तक पहुंच चुके थे.
पुजारा की तेज हाफ सेंचुरी
दूसरे दिन के खेला का पहला ओवर इबादत हुसैन ने फेंका, जिस पर मयंक अग्रवाल ने एक रन लिया. अगले ओवर में चेतेश्वर पुजारा ने अबु जायेद को लगातार दो चौके लगाए और केवल 68 गेदों में ही अपनी फिफ्टी पूरी कर दी. पुजारा ने इस पारी में 9 चौके लगाए. इसके बाद पुजारा ज्यादा देर टिक नहीं सके. उन्हें अबु जायेद ने ही अपनी गेंद पर गली में सैफ हसन के हाथों कैच कराया. पुजारा 54 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे लेकिन तब तक अपनी टीम का स्कोर 100 के पार करा चुके थे.
पहले दिन बनाए थे 86 रन टीम इंडिया ने
टीम इंडिया की शुरुआतर मयंक और रोहित ने भी संभल कर ही की, लेकिन रोहित ज्यादा देर अपना विकेट बचाकर नहीं रख सके और छह रन के निजी स्कोर पर अबु जायद की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे. इसके बाद दिन के खेल का अंत चेतेश्वर पुजारा (43) और मयंक (37) ने किया.

