भोपाल | दैनिक जागरण ने दैनिक भास्कर को 3 रन से हराकर 21वें आईईएस पब्लिक स्कूल इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट में रोमांचक जीत दर्ज की है। वहीं डेली टुडे ने प्रदेश का आइना को 6 विकेट से हराया। ओल्ड कैंपियन मैदान पर सोमवार को दैनिक जागरण ने निर्धारित 20 ओवर में 120 रन बनाए। दैनिक भास्कर की ओर से रोहिताश मिश्रा ने 4 विकेट लिए। जबकि प्रदीप भट्ट ने 2, आरके यदुवंशी और पीसी रजक एक-एक विकेट झटके। जवाब में दैनिक भास्कर की पूरी टीम 3 रन शेष रहते आउट हो गई। जिसमें आरके यदुवंशी 16 रन, रोहिताश मिश्रा 17 और पीसी रजक ने 18 रनों की पारी खेली। जागरण की ओर से दीपक ने 4 और कप्तान मृगेन्द्र सिंह, आनंद और गोविंद ने 2-2 विकेट झटके। दिन के अन्य मैच में प्रदेश का आइना ने 137 रन बनाए। जिसमें आसिफ 41, इकबाल 24, अकरम ने 22 रनों का योगदान दिया। कनिष्क दुबे और संकेत ने 3-3 विकेट लिए। जवाब में डेली टुडे ने 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य पा लिया। इसमें प्रांजल अग्रवाल ने 49 और विवेक ने 35 रनों की पारी खेली। इमरान, अंकित, आशिफ और फराज ने एक-एक सफलता हासिल की। दीपक वाजपेयी और संकेत डिजीआना मैन आॅफ द मैच चुने गए। उन्हें डीन आईईएस आरसी माहेश्वरी, शारिक अहमद और गौरव सिंह ने पुरस्कृत किया।

