दो स्वर्ण, सात रजत, तीन कांस्य और 23 अंको के साथ मध्य प्रदेश ओवर आॅल चैम्पियन

0

भोपाल। बड़ी झील पर आयोजित 35वीं राष्ट्रीय रोइंग प्रतियोगिता में दो स्वर्ण, सात रजत, तीन कांस्य सहित 12 पदकों और 23 प्वाइंट के साथ बालक एवं बालिका वर्ग में मध्य प्रदेश ओवर आॅल चैम्पियन बना। उड़ीसा सात पदक और 15 प्वाइंट के साथ दूसरे तथा कर्नाटक चार पदक एवं 12 प्वाइंट के साथ तीसरे स्थान पर रहा। मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने आज पांच रजत पदक जीतकर प्रदेश को ओवर आॅल चैम्पियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का आज समापन हुआ। समापन समारोह में पदक विजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्राफी एवं पदक प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।
भोपाल में होगा नेशनल कैम्प
समापन समारोह को संबोधित करते हुए रोइंग फेडरेशन आॅफ इंडिया की प्रेसीडेंट श्रीमती राजलक्ष्मी सिंहदेव ने राष्ट्रीय रोइंग प्रतियोगिता के सफल आयोजन में खेल और युवा कल्याण विभाग के सहयोग की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि नेशनल गेम्स की तैयारी के लिए राजधानी भोपाल में रोइंग का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रतियोगिता के अंतर्गत आज 500 मीटर की सेमी फायनल और फायनल रैस आयोजित की गई। आज हुए मुकाबलों के वुमेन पेयर इवेन्ट में मध्य प्रदेश की खिलाड़ी सोना कीर और रूकमणी ने रजत पदक अर्जित किया। इस इवेन्ट में चंड़ीगढ़ प्रथम और अंडमान निकोबार तीसरे स्थान पर रहा। इसी तरह बालिका काॅक्सलेस-4 इवेन्ट मंे भी मध्य प्रदेश को रजत पदक हासिल हुआ। टीम में मनीषा पटले, रमनजीत कौर, के.एम. गीता और करूणा देवी शामिल रही। बालक वर्ग के सिंगल स्कल मुकाबले में मध्य प्रदेश के खिलाड़ी एस.सी. विशाकथ चन्द्र ने एक रजत पदक अर्जित किया। जबकि कर्नाटक पहले और आॅल इंडिया पुलिस ने तीसरा स्थान अर्जित किया। बालक वर्ग पेयर इवेन्ट में भी विश्वजीत सेंधव और भानुप्रताप सिंह की जोड़ी ने रजत पदक जीता। इस इस इवेन्ट में आॅल इंडिया पुलिस प्रथम और महाराष्ट्र तृतीय स्थान पर रहा। पुरूष काॅक्सलेस फोर इवेन्ट में मध्य प्रदेश के खिलाड़ी अंकित, रोहित कुमार, अमन राठौर और मानस शर्मा ने रजत पदक अर्जित किया।
मैडल सेरेमनी
राष्ट्रीय रोइंग प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्राफी एंव मैडल प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। खेल और युवा कल्याण संचालनालय के संयुक्त संचालक डाँ. विनोद प्रधान, रोइंग फेडरेशन आॅफ इंडिया की प्रेसीडेंट श्रीमती राज लक्ष्मी सिंहदेव, आजीवन अध्यक्ष श्री सी.पी. सिंहदेव, उपाध्यक्ष श्री देवराज सिंह, सचिव श्री गिरीश फडनवीस, अर्जुन अवार्डी जैनिल एवं श्री दलबीर सिंह, द्रोणाचार्य अवार्डी श्री कासम खान आदि द्वारा विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
खेल मंत्री ने दी बधाई
राष्ट्रीय रोइंग प्रतियोगिता में ओवर आॅल चैम्पियन का खिताब जीतने पर प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से मध्य प्रदेश गौरवान्वित हुआ है। खेल संचालक श्री उपेन्द्र जैन ने भी मध्य प्रदेश के ओवर आॅल चैम्पियन बनने पर हर्ष व्यक्त किया है।