बेंगलुरु। कप्तान सुनील छेत्री के गोल की मदद से भारत ने अपना विजय अभियान जारी रखते हुए एएफसी एशियाई कप 2019 क्वालीफायर फुटबॉल मैच में किर्गिस्तान को 1-0 से हराया। भारत की ये एक साल पहले स्टीफन कॉन्सटेनटाइन के दूसरी बार कोच बनने के बाद इंटरनेशनल मैचों में लगातार आठवीं जीत है। इस जीत से भारत ग्रुप-ए में 6 प्वॉइंट के साथ टॉप पर पहुंच गया है। इससे भारतीय टीम ने यूएई में 2019 में होने वाले टूर्नामेंट में खेलने की अपनी संभावना भी बढ़ा दी। दुनिया में 100वें नंबर की भारतीय टीम ने शुरू में थोड़ा संघर्ष किया लेकिन इसके बाद उसने 132वें नंबर किर्गीस्तान को अधिकतर समय बैकफुट पर रखा। मैन ऑफ द मैच छेत्री ने शुरू से ही बेहतरीन खेल दिखाया लेकिन उन्हें इसका इनाम खेल के 69वें मिनट में मिला जब वो तीन खिलाड़ियों को छकाकर गेंद लेकर आगे बढ़े। उन्होंने जेजे लालपेखलुवा की तरफ गेंद बढ़ाई, जिन्होंने उसे वापस छेत्री को सौंपा और भारतीय कप्तान ने बड़ी खूबसूरती से उसे गोल में डालकर टीम को 1-0 से आगे कर दिया।

