फाइनल में जापान के काजूसामा सकई को लगातार गेम में हराया
जकार्ता। भारत के किदांबी श्रीकांत ने जापान के काजूमासा सकई को लगातार गेमों में 21-11, 21-19 से हराकर पहली बार इंडोनेशिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। श्रीकांत ने सेमीफाइनल में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी कोरिया के सोन वान हो को हराया था। विश्व रैंकिंग में 22 वें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत का यह तीसरा सुपर सीरीज खिताब है। उन्होंने इससे पहले 2014 में चाइना ओपन और 2015 में इंडिया ओपन के सुपर सीरीज खिताब जीते हैं। इस खिताबी जीत के बाद श्रीकांत की रैंकिंग में निश्चित रूप से सुधार आएगा।
इंडोनेशिया ओपन में इस बार भारतीय पुरुष खिलाड़ियों का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा। भारत की महिलाओं में ओिलंपिक रजत विजेता पीवी सिंधू और पूर्व नंबर एक सायना नेहवाल दूसरे दौर में बाहर हो गई थीं, लेकिन एचएस प्रणय और श्रीकांत ने तिरंगा बुलंद रखा। प्रणय ने ओलिंपिक स्वर्ण विजेता और विश्व चैंपियन चेन लोंग को पराजित किया जबकि श्रीकांत ने विश्व के नंबर एक खिलाड़ी सोन वान हो को धूल चटा दी। भारतीय बैडमिंटन के इतिहास में यह पहला ऐसा टूर्नामेंट बन गया जिसमें दो भारतीय पुरुष खिलाड़ियों ने ओलिंपिक पदक विजेताओं और विश्व के नंबर एक खिलाड़ी को हराया। पहला गेम आसानी से हारने के बाद दूसरे गेम में काजूमासा ने अच्छी शुरुआत की और जल्द ही 4-2 से आगे हो गए। उन्होंने फिर लगातार तीन अंक लेकर 7-3 की बढ़त बना ली। जापानी खिलाड़ी इस गेम में ज्यादा बेहतर खेल रहे थे और श्रीकांत ने शुरुआत में कुछ गलतियां की जिससे वह पिछड़ गए। काजूमासा ने अपनी बढ़त को 9-4, 11-6 ,12-7 और 13-10 पहुंचा दिया लेकिन श्रीकांत लगातार चार अंक लेकर 14-13 से आगे हो गए। काजूमासा ने फिर 17-15 की बढ़त बनाई लेकिन श्रीकांत ने 17-17 पर बराबरी हासिल की। काजूमासा फिर 18-17 और 19-18 से आगे हो गए। श्रीकांत ने अनुभव और कौशल झोंकते हुए लगातार तीन अंक हासिल किए और 21-19 से दूसरा गेम तथा खिताब जीत लिया। श्रीकांत इस साल अप्रैल में सिंगापुर ओपन के फाइनल में हमवतन बी साई प्रणीत से तीन गेमों में हार गए थे, लेकिन इंडोनेशिया ओपन में उन्होंने खिताब जीतने का मौका अपने हाथ से फिसलने नहीं दिया।
बाई श्रीकांत को देगा पांच लाख का पुरस्कार
नई दिल्ली | भारतीय बैडमिंटन संघ (बाई) ने इंडोनेशिया ओपन सुपर सीरीज खिताब जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बने किदांबी श्रीकांत को पांच लाख रुपए का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। बाई के अध्यक्ष हिमांता बिस्वा सरमा ने रविवार को खिताब जीतने वाले श्रीकांत को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए यह घोषणा की। सरमा ने कहा,alt148 यह पूरे देश के लिए बड़ी खुशी की बात है कि श्रीकांत ने इंडोनेशिया में खिताबी जीत दर्ज की। मैंने मैच के बाद उन्हें फोन कर इस जीत की बधाई दी। उन्होंने पूरे देश को गौरवान्वित किया है और मैं उम्मीद करता हूं कि वह भविष्य में भी ऐसी सफलता अर्जित करते रहेंगे।alt148 बाई के महासचिव और आधिकारिक प्रवक्ता अनूप नारंग ने भी श्रीकांत को हार्दिक बधाई दी।

