भोपाल। हांगकांग में 29 सितम्बर से 6 अक्टूबर, 2017 तक होने जा रही आई.ओ.डी.ए. एशियन सेलिंग चैम्पियनशिप के लिए पांच सदस्यीय भारतीय टीम में मध्य प्रदेश राज्य वाटर स्पोट्र्स अकादमी के तीन खिलाड़ी चयनित हुए हैं। इनमें हर्षिता तोमर, उमा चैहान और आशीष विश्वकर्मा शामिल हैं। यह खिलाड़ी आप्टीमिस्ट क्लास बोट इवेन्ट में प्रतिभा प्रदर्शन करेंगे। चैम्पियनशिप में करीब 20 देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। एशियन सेलिंग चैम्पियनशिप में भागीदारी के लिए यह खिलाड़ी आज चैन्नई से रवाना हुए। इससे पूर्व चैन्नई में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में इन खिलाड़ियों ने चैम्पियनशिप की तैयारी के लिए 12 दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त किया।
गौरतलब है कि हर्षिता तोमर ने वर्ष 2015 में आबूधाबी में आयोजित एशियन सेलिंग चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। इसी तरह उमा चैहान भी विगत दो वर्षों से आप्टीमिस्ट में नेशनल चैम्पियन है। आशीष विश्वकर्मा ने हाल ही में राजा भोज मल्टीक्लास चैम्पियनशिप में कांस्य पदक अर्जित किया। एशियन सेलिंग चैम्पियनशिप के लिए हांगकांग जा रही पांच सदस्यीय भारतीय टीम में मध्य प्रदेश राज्य वाटर स्पोट्र्स अकादमी के तीन खिलाड़ियों के चयन पर प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री मान. यशोधरा राजे सिंधिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हर्षिता तोमर, उमा चैहान और आशीष विश्वकर्मा को बधाई दी है। खेल मंत्री ने कहा कि हमारे खिलाड़ी लगातार अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में भारतीय टीम का नेतृत्व कर पदक अर्जित कर रहे हैं और पदक जीतकर मध्य प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे हैं। उन्होंने तीनों खिलाड़ियों को एशियन सेलिंग चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
संचालक खेल और युवा कल्याण श्री उपेन्द्र जैन ने भी एशियन सेलिंग चैम्पियनशिप में वाटर स्पोट्र्स अकादमी के खिलाड़ियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उल्लेखनीय है कि उक्त खिलाड़ी वाटर स्पोट्र्स अकादमी के तकनीकी सलाहकार एवं मुख्य प्रशिक्षक अर्जुन अवार्डी श्री जी.एल. यादव के मार्गदर्शन में सेलिंग खेल का प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं।