बीजिंग। नेशनल चैंपियन साइना नेहवाल और एचएस प्रणय ने चाइना ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में जीत से शुरुआत की है। पर सौरव वर्मा की चुनौती पहले ही दौर में टूट गई। साइना ने बुधवार को महिला सिंगल्स के अपने पहले मैच में अमेरिका की बीवेन झांग को 21-12, 21-13 से हराया। दुनिया की 11वीं रैंकिंग वाली भारतीय खिलाड़ी को यह मैच जीतने में महज 30 मिनट लगे।
बीवेन झांग की रैंकिंग 12 है। पुरुष सिंगल्स में 11वीं रैंकिंग वाले एचएस प्रणय ने दक्षिण कोरिया के ली डोंग कियून को 18-21, 21-16, 21-19 से हराया। सौरव वर्मा को सिंगल्स और सात्विक साईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी को डबल्स के पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा। फ्रांस के ब्राइस लेवरदेज ने सौरव 21-14, 15-21, 21-11 से हराया। चीन के लियु चेंग-झांग नान ने साईराज-चिराग की भारतीय जोड़ी को 21-13, 21-13 से हराया।

