‘माँ तुझे प्रणाम‘ योजनान्तर्गत बेटियों का दल बाघा बार्डर के लिए हुआ रवाना

0

भोपाल। युवाओं मंे देश-प्रेम की भावना जागृत कर उन्हें राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करने वाली मध्यप्रदेश सरकार की अनूठी ‘माँ तुझे प्रणाम‘ योजना का खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा क्रियान्वयन किया जा रहा है। माँ तुझे प्रणाम योजना के अंतर्गत 72 सदस्यीय बेटियों का दल आज शुक्रवार को देश की अन्तर्राष्ट्रीय सरहद बाघा बार्डर की अनुभव यात्रा के लिए रवाना हुआ।

पठानकोट एक्सप्रेस से रवाना हुआ यह दल 22 नवम्बर, 2017 को पठानकोट एक्सप्रेस से ही वापस भोपाल लौटेगा। टी.टी.नगर स्टेडियम से प्रस्थान करने वाले इस दल मंे बैतूल, होशंगाबाद, कटनी, बुरहानपुर और दमोह जिले की बेटियाँ शामिल हैं। संयुक्त संचालक खेल और युवा कल्याण डाॅ. विनोद प्रधान ने दल प्रभारी बुरहानपुर की व्हालीबाल प्रशिक्षक सुश्री ममता त्रिपाठी को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा, जो अन्तर्राष्ट्रीय सीमा पर फहराया जाएगा।

टी.टी. नगर स्टेडियम स्थित मेजर ध्यानचंद हाल में अनुभव यात्रा पर जा रहे दल की सदस्यों को यात्रा के संबंध में अधिकारियों द्वारा जरूरी मार्गदर्शन दिया गया वहीं उन्हें ‘मां तुझे प्रणाम‘ योजना पर केन्द्रित लघु फिल्म दिखलाकर योजना के संबंध में जानकारी दी गई। जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी एवं योजना प्रभारी श्री ओ.पी. हारोड़ ने बताया कि 10 जून, 2013 से संचालित ‘माँ तुझे प्रणाम‘ योजना के माध्यम से अभी तक 8 हजार 400 युवाओं को देश की अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं की अनुभव यात्रा कराई जा चुकी है और यात्रा का यह क्रम निरतर जारी है।