नई दिल्ली। हॉकी इंडिया (एचअाई) ने न्यूजीलैंड में होने वाले टूर्नामेंट के लिए टीम घोषित कर दी है। इसमें मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी के तीन खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। जिसमें विवेक सागर, निलकांत शर्मा और अरमान कुरैशी शामिल हैं। 20 सदस्यीय टीम के कप्तान मिडफील्डर मनप्रीत सिंह होंगे। चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम को उपकप्तान बनाया गया है। स्टार गोलकीपर पीआर श्रीजेश की आठ महीने बाद टीम में वापसी हो गई है। चार देशों का टूर्नामेंट 17 जनवरी से खेला जाएगा। इसमें भारत और मेजबान न्यूजीलैंड के अलावा बेल्जियम, जापान की टीमें हिस्सा ले रही हैं। मैच तौरंगा और हैमिल्टन में खेले जाएंगे। भारतीय टीम में अहम बदलाव श्रीजेश की वापसी है। वे पिछले साल चोट के कारण कई टूर्नामेंट में नहीं खेल पाए थे। फाॅरवर्ड दिलप्रीत सिंह और मिडफील्डर विवेक सागर प्रसाद के रूप में भी कुछ नए चेहरे टीम में शामिल किए गए हैं।
भारतीय टीम
पीआर श्रीजेश, कृष्ण बहादुर पाठक (दोनों गोलकीपर), हरमनप्रीत सिंह, सुरेंद्र कुमार, गुरजिंदर सिंह, वरुण कुमार, रूपिंदरपाल सिंह, बिरेंद्र लाकड़ा (सभी डिफेंडर), मनप्रीत सिंह, चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम, विवेक सागर प्रसाद, हरजीत सिंह, नीलकांत शर्मा, सिमरनजीत सिंह, सतबीर सिंह (सभी मिडफील्डर), दिलप्रीत सिंह, रमनदीप सिंह, मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, अरमान कुरैशी (सभी फॉरवर्ड)।