एनएसटी 5 विकेट से जीता,क्रॉसफिट सेमीफाइनल में

0

22वां आईईएस पब्लिक स्कूल इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट : जीतू बागरे की हैट्रिक, मैन ऑफ द मैच भी बने

भोपाल। नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स (एनएसटी) ने स्वदेश को पांच विकेट से हराकर 22वें आईईएस पब्लिक स्कूल इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट में आसान जीत दर्ज की है। दिन के एक अन्य मुकाबले में भोपाल क्रॉसफिट ने अटल प्रदेश को 14 रनों से हराते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। ओल्ड कैंपियन मैदान पर खेली जा रही इस प्रतियोगिता में सोमवार को स्वदेश ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 147 रनों का स्कोर खड़ा किया। उसकी ओर से सलामी बल्लेबाज सचिन ने 42 रन की पारी खेली। नीलेश ने 38 और पीयूष ने 32 रन बनाए। एनएसटी के लिए जीतू बागरे ने हैट्रिक सहित तीन विकेट हासिल किए। वहीं राघवेंद्र सिंह को दो विकेट मिले। जबकि इंद्रजीत और आदित्य के खाते में एक-एक सफलताएं आईं। जवाबी पारी में एनएसटी ने जीत के लिए जरूरी रन 18.1 ओवर में पांच विकेट खोकर बना लिए। उसकी ओर से जावेद ने 35, ओपनर दामोदर प्रसाद आर्य ने 31 और मोहन द्विवेदी ने 22 रन बनाए। वहीं कप्तान इंद्रजीत मौर्या ने एक छक्के और दो चौकों की मदद से नाबाद 19 रन की पारी खेली। स्वदेश के गेंदबाज मो. गनी को तीन, राजीव को दो और नीलेश को एक विकेट मिले। दिन के दूसरे मुकाबले में भोपाल क्रॉसफिट ने पहले खेलते हुए निर्धारित 16 ओवर में सात विकेट खोकर 127 रन बनाए। इसमें सृजन खरे ने 61 रनाें की पारी खेली। हिमांशु ने 30 रन बनाए। अटल प्रदेश के रजत को तीन विकेट मिले। जवाबी पारी में अटल प्रदेश की टीम 15.2 ओवर में 113 रन ही बना सकी। उसकी ओर से जैद ने 28 और सिद्धार्थ ने 23 रनों की पारी खेली। जीतू बागरे और सृजन खरे को डीजियाना मैन ऑफ द मैच चुना गया। हॉकी के ओलिंपियन और अर्जुन अवॉर्डी खिलाड़ी जलालुद्दीन रिजवी,पत्रकार राघवेंद्र सिंह और डाॅ.सुशील सिंह ठाकुर ने पुरस्कार वितरण किया।
आज के मैच
नवदुनिया बनाम इंडिपेंडेंट मेल सुबह 9.00 बजे
जनचर्चा बनाम भेल दोपहर 12.00 बजे