अलाेर सेतार। विश्व की चौथे नंबर की खिलाड़ी भारत की पीवी सिंधु ने पहले सिंगल्स मैच में जीत दर्ज की। लेकिन, बाकी खिलाड़ियों की हार के कारण कारण भारत को एशिया बैडमिंटन टीम चैंपियनशिप की महिला स्पर्धा में जापान के हाथों 1-4 से शिकस्त झेलनी पड़ी। इस जीत के बाद जापान की टीम ग्रुप में दो अंक लेकर शीर्ष पर पहुंच गई है। भारत ने भी एक अंक के साथ क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत ने इससे पहले हांगकांग को 3-2 से हराया था।
सिंधु ने दुबई वर्ल्ड सुपर सीरीज के फाइनल में जापान की अकाने यामागुची से मिली हार का बदला चुकता करते हुए पहले मैच में 36 मिनट में 21-19, 21-15 से जीत हासिल की। इस जीत के साथ सिंधु ने यामागुची के खिलाफ करिअर रिकार्ड को 6-3 कर लिया है।
अन्य मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन साधारण रहा। दूसरे सिंगल्स मैच में श्री कृष्णा प्रिया कुदारवल्ली को सायाका सातो ने 26 मिनट में 21-12, 21-12 से हराकर स्कोर 1-1 कर दिया। तीसरे सिंगल्स मैच में अनुभवी अश्विनी पोनप्पा भी जापानी चुनौती का सामना नहीं कर सकीं। आया ओहोरी ने उन्हें 21-14, 21-12 से हराकर जापान को 2-1 से आगे कर दिया।
इसके बाद डबल्स मैच में संयोगिता घाेरपड़े और प्राजक्ता सावंत की जोड़ी को विश्व की छठे नंबर की विपक्षी जोड़ी के हाथों 17-21, 17-21 से शिकस्त मिली। दूसरे डबल्स मैच में भी स्थिति यही रही। पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी को विश्व की दूसरे नंबर की मिसाकी मात्सुमोतो तथा आयाका ताकाहाशी ने 21-18, 21-18 से 41 मिनट में हराकर 4-1 के अंतर से जापान को जीत दिला दी।

