बैडमिंटन: पी कश्यप ने ऑस्ट्रियन ओपन का खिताब जीता

0

विएना। राष्ट्रमंडल चैंपियन पी कश्यप ने मलेशिया के जून वेई चियाम को सीधे गेम में हराकर ऑस्ट्रियन ओपन इंटरनेशनल चैलेंज का पुरुष एकल खिताब जीत लिया। यह तीन साल से अधिक समय में उनका पहला बैडमिंटन खिताब है। पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन और दूसरे वरीय कश्यप ने चियाम को शनिवार रात 37 मिनट चले मुकाबले में 23-21 21-14 से हराया। कश्यप प्रतियोगिता के दौरान काफी अच्छी लय में दिखे और पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने एक भी गेम नहीं गंवाया। फाइनल के पहले गेम में हालांकि दुनिया के 126वें नंबर के खिलाड़ी चियाम ने कश्यप को कड़ी टक्कर दी। भारतीय खिलाड़ी ने हालांकि तीन ब्रेक प्वाइंट बचाने के बाद पहला गेम जीता। कश्यप दूसरे गेम में बेहतर लय में दिखे और उन्होंने अंतत: 37 गेम में मैच अपने नाम किया।